Mouni Roy Divorce: मौनी रॉय और सूरज नाम्बियार ने सोशल मीडिया पर एक ज्वॉइंट बयान जारी कर आखिरकार अपने तलाक की पुष्टि कर दी है। इसी बीच, कपल का एक पुराना इंटरव्यू फिर से सामने आया है, जिसमें सूरज ने खुलासा किया था कि जहां वह शादी के खिलाफ थे, वहीं मौनी बहुत जल्दी शादी करना चाहती थीं। सूरज ने यह भी बताया कि जब वह शादी में देरी करते रहे, तो मौनी ने उन्हें अल्टीमेटम दिया और आखिरकार उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वह उन्हें खोना नहीं चाहते थे।
सूरज नाम्बियार ने बॉम्बे टाइम्स को बताया, “काफी समय तक मैं शादी करने के खिलाफ था। लेकिन एक साल का अनुभव करने के बाद, मैं कह सकता हूं कि यह बहुत रिलेक्स फीलिंग है और मैं इसकी सलाह दूंगा। मौनी ने शुरू से ही शादी करने की अपनी इच्छा को लेकर क्लीयर रुख अपनाया था। कुछ साल डेटिंग करने के बाद, उसने साफ कह दिया कि या तो शादी करनी है या फिर रिश्ता खत्म करना है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं बस समय बिताता रहा। फिर एक दिन उसने मुझे अल्टीमेटम दिया, और मुझे एहसास हुआ कि अगर मैंने उससे शादी नहीं की तो मैं उसे खो दूंगा। तभी मुझे समझ आया कि हमें शादी कर लेनी चाहिए क्योंकि मुझे पता था कि उसके साथ मेरा जीवन बेहतर होगा।” मौनी रॉय ने कहा, “हमारे लिए जो बात काम करती है, वह यह है कि हम दोनों अपने-अपने पेशेवर जीवन में बहुत व्यस्त हैं।
उन्होंने बताया, “इसलिए, हमें एक-दूसरे के साथ जो भी पल बिताने का मौका मिलता है, हम उसका भरपूर आनंद उठाते हैं। इस रिश्ते में हमने बहुत कुछ सीखा है। यह एक लंबा सफर रहा है। हमारे बीच खूब बहसें भी हुईं। लेकिन आज हम उस मुकाम पर हैं जहां हम बिना शिकायत किए एक-दूसरे के साथ रह सकते हैं, बस अपने आप को अभिव्यक्त कर सकते हैं और खुश रह सकते हैं।
सूरज ने आगे कहा, “मुंबई में बसने को लेकर मुझे भी काफी परेशानियां थीं। मुझे लगा था कि यह मुश्किल होगा, लेकिन मैंने देखा कि मौनी ने मुझे यहां सहज महसूस कराने के लिए बहुत प्रयास किए। अब, उसके दोस्त मेरे दोस्त हैं और मैं उनका। हमने हमेशा साथ में काम करने का आनंद लिया है, जल्द ही हम काम में भी एक-दूसरे का साथ देने लगे हैं।”
हालांकि, इस इंटरव्यू के सालों बाद, मौनी और सूरज की शादी का एंड हो गया है। कपल ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त बयान जारी कर निजता को बनाए रखने का अनुरोध किया है, ताकि वे इस दौर को "निजी तौर पर और सही ढंग से" पार कर सकें। मौनी और सूरज ने अपने निजी जीवन में "अनावश्यक और दखलंदाजी" को लेकर निराशा व्यक्त की।
उन्होंने "मनगढ़ंत कहानियों और सरासर झूठी खबरों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि ऐसी कहानियां उनके रिश्ते की सच्चाई को नहीं दिखाती हैं। यह आधिकारिक बयान उनकी शादी को लेकर कई दिनों से चल रही अटकलों के बाद आया है। इस सप्ताह की शुरुआत में, खबरें आईं कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है, जिससे उनके रिश्ते में दरार की अफवाहें फैल गईं थीं।