Sidhu MooseWala News: सिद्धू मूसेवाला की लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने क्यों की हत्या? BBC की डॉक्यूमेंट्री में बड़ा खुलासा

Sidhu MooseWala BBC Documentary: बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के दूसरे एपिसोड में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ऑडियो संदेशों के माध्यम से सिद्धू मूसेवाला और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद का डिटेल्स शेयर किया है। उसने उल्लेख किया कि शुरू में दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। लेकिन जब सिद्धू लॉरेंस के प्रतिद्वंद्वियों के करीब हो गए तो उनके बीच तनाव बढ़ गया

अपडेटेड Jun 12, 2025 पर 12:02 PM
Story continues below Advertisement
Sidhu MooseWala BBC Documentary: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी

Sidhu MooseWala BBC Documentary: बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने बुधवार (11 जून) को यूट्यूब पर मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के जीवन पर आधारित दो भागों वाला एक डॉक्यूमेंट्री जारी किया। मूसेवाला की 2022 में उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके पिता इस डॉक्यूमेंट्री के प्रसारण‍ पर रोक लगाने के लिए अदालती लड़ाई लड़ रहे हैं। 'द किलिंग कॉल' को सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुद्धदीप सिंह सिद्धू के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया है। बीबीसी की एक नई डॉक्यूमेंट्री ने सिद्धू मूसेवाला और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच संबंधों के साथ-साथ 2022 में पंजाबी गायक की मौत के कारणों का खुलासा किया है।

डॉक्यूमेंट्री के दूसरे एपिसोड में गोल्डी बराड़ ने ऑडियो संदेशों के माध्यम से सिद्धू और लॉरेंस बिश्नोई के बीच विवाद का डिटेल्स शेयर किया। उसने उल्लेख किया कि शुरू में दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। लेकिन जब सिद्धू लॉरेंस के प्रतिद्वंद्वियों के करीब हो गए तो उनके बीच तनाव बढ़ गया।

उसने ऑडियो संदेश में कहा, "लॉरेंस सिद्धू के संपर्क में थे। मुझे नहीं पता कि उनका परिचय किसने कराया। मैंने कभी नहीं पूछा, लेकिन वे बात करते थे। सिद्धू लॉरेंस की चापलूसी करने के प्रयास में 'गुड मॉर्निंग' और 'गुड नाइट' मैसेज भेजते थे।"


गोल्डी बराड़ ने उल्लेख किया कि सिद्धू मूसेवाला के कनाडा से भारत लौटने के बाद चीजें बदल गईं। कथित तौर पर इस दौरान गायक लॉरेंस के प्रतिद्वंद्वियों के करीब हो गया। लॉरेंस बिश्नोई के साथ सिद्धू के रिश्ते को और खराब करने वाली बात विक्की मिड्दुखेड़ा की हत्या थी। विक्की लॉरेंस और गोल्डी का गुरु था। कहा जाता है कि सिद्धू ने उसकी हत्या में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों की मदद की थी। भले ही सिद्धू ने हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया हो, लेकिन प्रतिद्वंद्वी गैंग के साथ उनकी बढ़ती नज़दीकी उसकी मौत का कारण बनी।

सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में मानसा से कांग्रेस के टिकट पर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन जीतने में असफल रहे। मूसेवाला की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने दोस्त और चचेरे भाई के साथ जवाहर के गांव जा रहे थे।

ये भी पढ़ें- Covid-19 India Cases: भारत में कोरोना के एक्टिव मामले 7,000 के पार! 24 घंटे में कोविड-19 से 6 मरीजों की मौत

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बराड़ फिलहाल कनाडा में है। बीबीसी का डॉक्यूमेंट्री मूसेवाला के शुरुआती जीवन, संगीत जगत में उनकी कामयाबी और उनकी हत्या के पीछे की परिस्थितियों पर केंद्रित है। इसमें मूसेवाला के दोस्तों, पंजाब पुलिस के एक अधिकारी और कुछ पत्रकारों के इंटरव्यू शामिल किए गए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।