बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम और उनके पति आदित्य धर इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म ‘हक’ में यामी गौतम की एक्टिंग को लोगों ने खूब पसंद किया है। वहीं उनके पति आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ की काफी तारीफ हो रही है। फिल्म का दोनों पार्ट को दर्शकों और आलोचकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। दोनों अपने-अपने काम से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। वहीं हाल ही में यामी गौतम ने एक इंटरव्यू में एक पुरानी घटना को याद किया है।
TOI के साथ एक इंटरव्यू में यामी गौतम ने पुरानी घटना याद करते हुए बताया कि एक बार एक मशहूर डिजाइनर ने उन्हें ब्राइडल लहंगा देने से साफ मना कर दिया था। एक्ट्रेस ने कहा, “मुझे याद है कि मैंने एक बार अपने बारे में ऐसा सुना था। उस व्यक्ति ने कहा, ‘नहीं, वह लहंगा तुम्हारे लिए नहीं है’, और मैं सोचने लगी ‘क्या, क्यों?’, फिर उन्होंने कहा, ‘नहीं, ये उस डिजाइनर के साथ फिट नहीं बैठता।’ ये मेरे लिए बहुत बुरा अनुभव था। मुझे समझ नहीं आता कि इसका आधार क्या होता है, कोई किसी को इतना बुरा कैसे महसूस करा सकता है? हालांकि यह सभी डिजाइनरों पर लागू नहीं होता, कुछ अपने काम और व्यवहार दोनों में बहुत अच्छे होते हैं, लेकिन हर जगह एक खराब उदाहरण जरूर होता है।”
शादी पर क्यों पहनी अपनी मां की साड़ी
यामी ने आगे बताया कि इस बुरे अनुभव के बाद ही उन्होंने अपनी शादी में अपनी मां की साड़ी पहनने का फैसला किया। उन्होंने कहा, “वही पल था जब मैंने तय कर लिया कि मैं कभी किसी को अपने बारे में बुरा महसूस नहीं करने दूंगी। तुम जो भी कर रही हो, उसमें अच्छा कर रही हो और कभी किसी और के कपड़ों या पसंद में खुद को फिट करने की कोशिश मत करो। मेरे मन में साफ था कि मेरे खास दिन पर सब कुछ मेरे तरीके से होगा। मैं अपनी मां की साड़ी ही पहनूंगी, क्योंकि उससे मेरा इमोशनल जुड़ाव है और वही मेरे लिए सबसे खास है।”
यामी के लिए शादी की रस्में बेहद खास थीं और हर परंपरा को समझना उनके और आदित्य दोनों के लिए बहुत मायने रखता था, इसलिए उन्होंने अपने खास दिन पर पूरी तरह इन्हीं चीजों पर ध्यान दिया।
कब हुई थी यामी-आदित्य की शादी
यामी गौतम और आदित्य धर ने 4 जून 2021 को सादगी भरे अंदाज में शादी की थी। इस खास मौके पर यामी गौतम ने अपनी मां की करीब 33 साल पुरानी साड़ी पहनी, जिसकी खूबसूरत कढ़ाई ने उनके लुक को बेहद खास बना दिया। उनका घूंघट दुपट्टे से बना था, जो उनकी नानी का दिया हुआ तोहफा था, जबकि पारंपरिक पहाड़ी नथ उनकी दादी की थी। यामी के हर पहनावे के पीछे एक इमोशनल जुड़ाव और खास कहानी छिपी हुई थी, जिसने उनकी शादी को और भी यादगार बना दिया।