केजीएफ से पैन इंडिया सुपरस्टार बने यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही इसकी डार्क और स्टाइलिश दुनिया ने लोगों की जिज्ञासा बढ़ा दी थी। अब मेकर्स ने कहानी में नया ट्विस्ट जोड़ते हुए दो अहम किरदारों से पर्दा उठाया है, जिसने फिल्म को लेकर चर्चा और तेज कर दी है। अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर की एंट्री ने ‘टॉक्सिक’ के एक्शन और ड्रामा को नई ताकत दे दी है।
दोनों कलाकार अलग-अलग और प्रभावशाली किरदारों में नजर आएंगे, जो कहानी को और ज्यादा रहस्यमयी और दिलचस्प बनाएंगे। यश के दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के साथ इन नए चेहरों की मौजूदगी फिल्म के रोमांच को कई गुना बढ़ाने वाली है।
सुदेव नायर फिल्म में करमाडी नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो रहस्यमयी और प्रभावशाली व्यक्तित्व का मालिक है। फ्लैट कैप, सधी हुई मूंछें और हाथ में बंदूक लिए उनका लुक गंभीर और ताकतवर दिखाई देता है। उनका किरदार कम बोलकर भी अपनी मौजूदगी का असर छोड़ने वाला है, जो फिल्म की कहानी को और गहराई देगा।
डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने की दोनों कलाकारों की तारीफ
फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास ने दोनों कलाकारों की जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि सुदेव नायर का अभिनय गहराई से भरा हुआ है और वे अपने शांत अंदाज से किरदार को जीवंत बना देते हैं। वहीं, अक्षय ओबेरॉय की जिज्ञासा और किरदार को समझने की लगन ने उनके रोल को बेहद खास बना दिया है। उनके अनुसार, दोनों कलाकार फिल्म के लिए एकदम सही चुनाव साबित हुए हैं।
यश का नया अवतार चर्चा में
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीजर में यश क्लीन-शेव लुक में नजर आए, जिसने फैंस की उत्सुकता को कई गुना बढ़ा दिया। फिल्म को केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले तैयार किया जा रहा है। इसमें नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।
इस दिन सिनेमाघरों में मचेगा ‘टॉक्सिक’ का धमाका
‘टॉक्सिक’ को कन्नड़ और इंग्लिश में शूट किया गया है और हिंदी समेत कई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। खास बात यह है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ से होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि यश की यह फिल्म दर्शकों के दिलों पर कितना असर छोड़ती है।