Mango For Diabetes: क्या आम खाने से शुगर बढ़ जाती है, डायबिटीज वाले शख्स एक दिन में कितने आम खा सकते हैं? डॉक्टर से जानिए
Mango For Diabetes: गर्मियों में आम खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के मन में इसे लेकर कई सवाल रहते हैं। क्या आम खाने से ब्लड शुगर बढ़ जाती है? क्या मधुमेह के मरीज इसे खा सकते हैं? आइए जानते हैं कि आम का सेवन कितनी मात्रा में करना सही माना जाता है
Mango For Diabetes: आम को सुबह या शाम के नाश्ते में खाना बेहतर माना जाता है।
गर्मी का मौसम आते ही आम की मिठास लोगों को अपनी ओर खींचने लगती है। फलों का राजा कहा जाने वाला यह फल स्वाद, खुशबू और रस से भरपूर होता है, इसलिए ज्यादातर लोग इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों के लिए आम को लेकर अक्सर दुविधा बनी रहती है। कई लोगों को लगता है कि आम खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकती है, इसलिए वे इसे खाने से बचते हैं। वहीं कुछ लोग बिना मात्रा का ध्यान रखे इसका सेवन करते हैं।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या डायबिटीज वाले लोग आम खा सकते हैं और अगर हां, तो कितनी मात्रा में? विशेषज्ञों के अनुसार, सही मात्रा और सही समय पर खाया गया आम संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकता है। इसलिए इसके बारे में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है।
पोषण का पावरहाउस है आम
आम में कई जरूरी विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। यह विटामिन A, C, E, K, फोलेट, पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके अलावा इसमें मौजूद बायोएक्टिव कंपाउंड शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
आम खाने से मिल सकते हैं ये फायदे
आम सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। इसका सेवन शरीर को हाइड्रेट रखने, पाचन को बेहतर बनाने और ऊर्जा देने में मदद कर सकता है। साथ ही इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स कोशिकाओं को नुकसान से बचाने का काम करते हैं।
क्या आम खाने से शुगर बढ़ती है?
आम में प्राकृतिक शुगर और कार्बोहाइड्रेट मौजूद होते हैं। यही वजह है कि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कई अन्य फलों की तुलना में थोड़ा अधिक माना जाता है। इसलिए जरूरत से ज्यादा आम खाने पर ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि डायबिटीज के मरीज आम बिल्कुल नहीं खा सकते। विशेषज्ञों के अनुसार, मात्रा का ध्यान रखना सबसे जरूरी है।
डॉक्टर ने क्या दी सलाह?
एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. जयादित्य घोष का कहना है कि डायबिटीज वाले लोगों को आम को मुख्य भोजन के साथ खाने के बजाय दो बड़े भोजन के बीच स्नैक के रूप में खाना चाहिए। इससे ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
डॉक्टर यह भी सलाह देते हैं कि आम का जूस पीने की बजाय पूरा आम खाना ज्यादा बेहतर विकल्प है। वजह यह है कि पूरे आम में फाइबर मौजूद रहता है, जो शुगर के अवशोषण की गति को धीमा कर सकता है। वहीं जूस में फाइबर कम हो जाता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है।
डायबिटीज मरीज एक दिन में कितना आम खा सकते हैं?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, डायबिटीज से पीड़ित लोगों को दिन में लगभग आधा आम खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि, यह मात्रा व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति और ब्लड शुगर कंट्रोल पर निर्भर कर सकती है। इसलिए अपने डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेना बेहतर रहता है।
वहीं स्वस्थ वयस्क आमतौर पर दिन में एक मध्यम आकार का आम खा सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि रोजाना लगभग 350 ग्राम या दो कप से कम आम खाना संतुलित मात्रा मानी जा सकती है।
आम खाने का सही समय क्या है?
आम को सुबह या शाम के नाश्ते में खाना बेहतर माना जाता है। खाने के तुरंत बाद या रात को सोने से पहले आम खाने से बचना चाहिए। इससे अतिरिक्त कैलोरी और शुगर शरीर में जमा हो सकती है।
इन चीजों के साथ खाएं आम
अगर आप आम के कारण ब्लड शुगर बढ़ने की चिंता कम करना चाहते हैं, तो इसे प्रोटीन और हेल्दी फैट वाले खाद्य पदार्थों के साथ खा सकते हैं। बादाम, अखरोट, भुने चने और मखाने के साथ आम का सेवन करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।