आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में काम का दबाव, स्क्रीन टाइम और बदलती आदतें लोगों की सेहत पर सीधा असर डाल रही हैं। समय की कमी के चलते लोग न तो सही समय पर खाना खा पा रहे हैं और न ही अपने शरीर की जरूरतों को समझ पा रहे हैं। फास्ट फूड और रेडी-टू-ईट चीजें रोजमर्रा की डाइट का हिस्सा बन चुकी हैं, जिसका नतीजा धीरे-धीरे शरीर पर दिखाई देने लगता है। वजन बढ़ना, थकान महसूस होना और छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याएं अब आम बात हो गई हैं। खासकर मोटापा ऐसी समस्या बन गया है, जो अपने साथ कई दूसरी बीमारियों को भी न्योता देता है।
लोग फिट दिखने और खुद को एक्टिव रखने की चाह में नए-नए तरीके अपनाते हैं, लेकिन कई बार सही जानकारी के अभाव में गलत विकल्प चुन लेते हैं। ऐसे में जरूरत है संतुलित सोच और समझदारी भरे कदमों की, ताकि सेहत को बिना ज्यादा झंझट के बेहतर बनाया जा सके।
वजन बढ़ने की बड़ी वजह क्या है?
मोटापा बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, लेकिन सबसे बड़ा कारण अनहेल्दी डाइट और सुस्त जीवनशैली है। अगर आप भी बढ़ते वजन से परेशान हैं, तो सबसे पहले अपनी खाने-पीने की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है। खासकर रात के खाने में की गई छोटी-सी गलती वजन बढ़ा सकती है।
रात का हल्का खाना क्यों है जरूरी
दिनभर की थकान के बाद शरीर को आराम और अच्छी नींद की जरूरत होती है। अगर रात को भारी भोजन किया जाए, तो न सिर्फ नींद प्रभावित होती है बल्कि वजन भी तेजी से बढ़ सकता है। स्लिम फिगर पाने के लिए रात के समय हल्का और आसानी से पचने वाला खाना लेना बेहद जरूरी है।
ग्रीन सलाद फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। कम कैलोरी होने की वजह से ये वजन घटाने में मददगार साबित होता है। रात में सलाद में केवल ताजी सब्जियों को शामिल करना बेहतर रहता है।
रात के खाने के लिए सूप एक शानदार विकल्प है। ये हल्का होता है और आसानी से पच जाता है। लौकी, टमाटर, गाजर या पालक से बना वेज सूप कम कैलोरी के साथ पेट को संतुष्ट रखता है और वजन बढ़ने नहीं देता।
ओट्स इडली रात के समय खाने के लिए एक हेल्दी ऑप्शन है। इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, जो शरीर के लिए फायदेमंद है। स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ये वजन कंट्रोल करने में भी मदद करती है।
मटर उपमा भले ही कम लोगों ने सुनी हो, लेकिन ये रात के खाने के लिए एक बेहतरीन डिश है। इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट्स, विटामिन K, C, फोलेट और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये न सिर्फ पौष्टिक है बल्कि वजन घटाने में भी सहायक है।
दही पेट की सेहत के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। ये डाइजेशन को सुधारती है और पेट को ठंडक देती है। रात में दही खाते समय उसमें चीनी मिलाने से बचें। बेहतर स्वाद के लिए आप इसमें थोड़ा काला नमक और काली मिर्च मिला सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।