गर्मियों का मौसम अपने साथ कई तरह की परेशानियां लेकर आता है, जिनमें सिरदर्द एक आम लेकिन अक्सर नजरअंदाज की जाने वाली समस्या है। जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, कई लोगों को सिर में भारीपन, धड़कन और बेचैनी महसूस होने लगती है। तेज धूप, उमस और शरीर में पानी की कमी इस परेशानी को और बढ़ा देते हैं। बहुत से लोग इसे सामान्य थकान समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन असल में इसके पीछे शरीर में होने वाले कई बदलाव जिम्मेदार होते हैं।
डिहाइड्रेशन, हार्मोनल असंतुलन और अधिक गर्मी में लंबे समय तक रहने से नसों पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे सिरदर्द शुरू हो सकता है। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए तो ये समस्या माइग्रेन या हीट स्ट्रोक का रूप भी ले सकती है। इसलिए गर्मियों में सिरदर्द को हल्के में लेना सही नहीं माना जाता।
डॉक्टरों के अनुसार गर्मियों में सिरदर्द कई वजहों से हो सकता है। सबसे आम कारण है डिहाइड्रेशन, जिसमें शरीर पानी और जरूरी मिनरल्स खो देता है। इससे दिमाग पर असर पड़ता है और दर्द शुरू हो जाता है।
इसके अलावा तेज धूप और चकाचौंध आंखों पर दबाव डालती है, जिससे माइग्रेन ट्रिगर हो सकता है।
गर्मी में शरीर का हार्मोनल बैलेंस भी प्रभावित होता है, खासकर सेरोटोनिन लेवल। इसके उतार-चढ़ाव से सिरदर्द की समस्या बढ़ सकती है।
साथ ही उमस और वायुदाब में बदलाव भी नसों पर असर डालते हैं, जिससे सिर में भारीपन महसूस होता है।
लंबे समय तक धूप में रहने से हीट एग्जॉशन या लू का खतरा बढ़ जाता है। सिरदर्द इसका शुरुआती संकेत हो सकता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो स्थिति गंभीर भी हो सकती है।
सिरदर्द से बचने के आसान और असरदार तरीके
गर्मियों में खुद को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है। दिनभर पानी, नारियल पानी और नींबू पानी पीते रहें।
धूप में निकलते समय सनग्लासेस और टोपी जरूर पहनें।
घर लौटकर ठंडी और शांत जगह पर आराम करें, और अगर संभव हो तो अंधेरे कमरे में कुछ देर लेट जाएं।
लाइफस्टाइल में छोटे बदलाव से मिलेगा बड़ा आराम
समय पर खाना और पर्याप्त नींद लेना बेहद जरूरी है, क्योंकि खाली पेट या अनियमित दिनचर्या भी सिरदर्द बढ़ा सकती है।
ठंडी पट्टी या आइस पैक से माथे और गर्दन को राहत देना भी काफी असरदार उपाय है।
अगर सिरदर्द के साथ तेज उल्टी, चक्कर, धुंधला दिखना, तेज बुखार या कन्फ्यूजन जैसे लक्षण हों, तो इसे हल्के में न लें। ये गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।