Watermelon: रोजाना तरबूज खाने से शरीर को मिलते हैं ये जबरदस्त फायदे, रिसर्च ने किया बड़ा खुलासा
Health benefits of watermelon: गर्मियों में तरबूज सिर्फ ताजगी और ठंडक का ही नहीं, बल्कि सेहत का भी बेहतरीन साथी माना जाता है। हाल ही में सामने आई एक रिसर्च के अनुसार, यह रसीला फल शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ कई जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान कर सकता है। इसके फायदे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे
health benefits of watermelon: तरबूज को सिर्फ काटकर खाने तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है।
गर्मियों में जब तापमान लगातार बढ़ता है, तब लोग ऐसे फलों की तलाश करते हैं जो स्वाद के साथ शरीर को राहत भी दें। तरबूज उन्हीं फलों में से एक है, जो अपनी मिठास, रस और ठंडक भरे स्वाद के कारण हर उम्र के लोगों की पसंद बना रहता है। हालांकि ज्यादातर लोग इसे केवल पानी की कमी दूर करने वाला फल मानते हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इसके फायदे इससे कहीं ज्यादा हैं। पोषक तत्वों से भरपूर यह फल शरीर को ऊर्जा देने के साथ-साथ रोजाना की डाइट को भी बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।
खास बात यह है कि इसे खाने के लिए किसी खास तैयारी की जरूरत नहीं होती और यह गर्मियों में सेहतमंद विकल्प के रूप में आसानी से शामिल किया जा सकता है। हाल ही में आई एक रिसर्च ने भी तरबूज को लेकर कई दिलचस्प बातें सामने रखी हैं, जिसने इस साधारण दिखने वाले फल को फिर से चर्चा में ला दिया है।
रिसर्च में सामने आए दिलचस्प नतीजे
जर्नल न्यूट्रिएंट में प्रकाशित एक रिसर्च में 20,000 से अधिक अमेरिकियों के खानपान से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। शोधकर्ताओं ने पाया कि जो लोग नियमित रूप से तरबूज खाते हैं, उनका आहार दूसरों की तुलना में अधिक संतुलित और पौष्टिक होता है।
अध्ययन के अनुसार, बच्चों और वयस्कों दोनों में तरबूज खाने वालों को फाइबर, मैग्नीशियम, पोटैशियम, विटामिन C, विटामिन A, लाइकोपीन और अन्य कैरोटेनॉइड्स अधिक मात्रा में मिलते हैं। वहीं, उनके भोजन में अतिरिक्त चीनी और सैचुरेटेड फैट की मात्रा अपेक्षाकृत कम पाई गई।
फल खाने की कमी को पूरा कर सकता है तरबूज
विशेषज्ञों का कहना है कि ज्यादातर लोग रोजाना जितने फल खाने चाहिए, उतने नहीं खाते। ऐसे में तरबूज एक आसान और स्वादिष्ट विकल्प बन सकता है। इसका मीठा स्वाद और रसदार बनावट लोगों को अधिक फल खाने के लिए प्रेरित कर सकती है, जिससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिल पाते हैं।
दिल को मजबूत बनाने में मददगार
तरबूज में एल-सिट्रुलीन (L-Citrulline) और एल-आर्जिनीन (L-Arginine) जैसे खास यौगिक पाए जाते हैं। ये शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड के निर्माण में मदद करते हैं। नाइट्रिक ऑक्साइड रक्त वाहिकाओं को आराम देने और उन्हें फैलाने का काम करता है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है।
एक क्लिनिकल ट्रायल में यह भी पाया गया कि लगातार दो सप्ताह तक तरबूज का जूस पीने से रक्त वाहिकाओं के कार्य में सुधार देखा गया। इससे दिल से जुड़े समस्या में भी सहयोग मिलने के संकेत मिले।
एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना है यह फल
तरबूज का लाल रंग लाइकोपीन नामक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट की वजह से होता है। यह तत्व शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा तरबूज में मौजूद विटामिन C रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाता है, जबकि विटामिन B6 मस्तिष्क की कार्यक्षमता और मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में योगदान देता है।
शरीर को रखता है तरोताजा और हाइड्रेटेड
तरबूज में लगभग 92 प्रतिशत पानी होता है, इसलिए यह गर्मियों में शरीर को ठंडक और ताजगी देने का बेहतरीन प्राकृतिक स्रोत माना जाता है। धूप से लौटने के बाद या व्यायाम के बाद इसका सेवन शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है।
कम कैलोरी, ज्यादा फायदे
तरबूज उन लोगों के लिए भी अच्छा विकल्प है जो वजन नियंत्रित रखना चाहते हैं। लगभग दो कप तरबूज में केवल 80 कैलोरी होती हैं, लेकिन इसके साथ विटामिन C और विटामिन B6 जैसी जरूरी पोषक चीजें भी मिलती हैं। यही वजह है कि इसे पोषण से भरपूर और कम कैलोरी वाला फल माना जाता है।
कई तरीकों से लें स्वाद और सेहत का आनंद
तरबूज को सिर्फ काटकर खाने तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है। इसे स्मूदी में मिलाकर, फ्रूट सलाद में डालकर या ठंडे स्नैक के रूप में भी खाया जा सकता है। स्वाद और सेहत का यह अनोखा मेल गर्मियों में शरीर को ऊर्जा और ताजगी दोनों देने का काम करता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सुझावों पर आधारित है। इसे किसी योग्य चिकित्सा राय का विकल्प न मानें। किसी भी नए व्यायाम को शुरू करने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर से सलाह जरूर लें।