आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर लोग अपने हेल्थ पर ध्यान नहीं दे पाते। बाहर का तला-भुना खाना, स्ट्रेस और अनियमित रूटीन की वजह से वजन तेजी से बढ़ने लगता है। सुबह का नाश्ता जल्दी में छोड़ देना और दिनभर जंक फूड या फास्ट फूड पर जीना अब आम बात हो गई है। यही गलत आदतें शरीर में चर्बी जमा करने लगती हैं, जिससे न सिर्फ वजन बढ़ता है बल्कि सुस्ती और थकान भी महसूस होती है। ऐसे में लोग वजन घटाने के लिए जिम, डाइटिंग या कई तरह के सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन हमेशा मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता।
असल में, वजन कम करने का सबसे आसान तरीका है सही अनाज का चुनाव। अगर आप अपनी रोज की रोटी में थोड़ा बदलाव कर लें, तो बिना ज्यादा मेहनत के भी वजन को कंट्रोल में रखा जा सकता है और शरीर को हेल्दी बनाया जा सकता है।
लोकल 18 से बात करते हुए आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डॉ. दीपांकर अत्रे ने बताया कि वजन कम करने के लिए सबसे जरूरी है सही खानपान। अगर आप रोटी के शौकीन हैं और चावल या गेहूं छोड़ना नहीं चाहते, तो आपके लिए दो बेहतरीन विकल्प हैं ज्वार और रागी। ये दोनों ही अनाज सुपरफूड की तरह काम करते हैं, लेकिन वजन घटाने के मामले में दोनों की भूमिका थोड़ी अलग है।
ज्वार की रोटी को अपनी डाइट में शामिल करना वजन घटाने के साथ-साथ फिटनेस के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद प्रोटीन मसल्स को टूटने से बचाता है और शरीर को एनर्जी देता है।
जिम जाने वाले लोगों के लिए ये बेहद उपयोगी है।
इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती।
पाचन तंत्र को मजबूत रखता है और ब्लोटिंग जैसी दिक्कतों से बचाता है।
रागी को आयुर्वेद में कैल्शियम का पावरहाउस कहा गया है। ये सिर्फ वजन कम करने में मदद नहीं करती, बल्कि हड्डियों को मजबूत भी बनाती है।
इसमें कैल्शियम की मात्रा बेहद ज्यादा होती है, जो हड्डियों और जोड़ों के लिए वरदान है।
रागी में फाइबर की मात्रा ज्वार से भी अधिक होती है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा महसूस होता है।
भूख कम लगने से आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं, और वजन अपने आप घटने लगता है।
रागी की रोटी खासतौर पर उन लोगों के लिए बढ़िया है जो स्लिम बॉडी के साथ हेल्दी बोन स्ट्रक्चर चाहते हैं।
अगर आपका मकसद है वजन घटाना और मसल्स को बरकरार रखना, तो ज्वार की रोटी चुनें।
लेकिन अगर आप चाहते हैं वजन कम करने के साथ हड्डियों की मजबूती भी, तो रागी की रोटी बेहतर विकल्प है।
डिस्क्लेमरः यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।