सहजन यानी मोरिंगा, जिसे ड्रमस्टिक के नाम से भी जाना जाता है, एक ऐसी सब्जी है जो स्वाद और सेहत दोनों में लाजवाब है। दक्षिण भारत की मशहूर डिश सांभर में इसका इस्तेमाल काफी आम है, लेकिन अब यह धीरे-धीरे पूरे देश की रसोई में अपनी जगह बना रहा है। सहजन को सुपरफूड इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें मौजूद प्राकृतिक पोषक तत्व शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल और एंटीऑक्सीडेंट प्रदान करते हैं। ये न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है बल्कि शरीर में जमा टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में भी मदद करता है। इसकी पत्तियां, फली और पाउडर तीनों ही रूप स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
खास बात ये है कि सहजन वजन घटाने में भी असरदार माना जाता है, क्योंकि इसमें मौजूद फाइबर और पोषक तत्व मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाते हैं। यही वजह है कि आज मोरिंगा दुनिया भर में एक नेचुरल हेल्थ बूस्टर के रूप में लोकप्रिय हो चुका है।
वजन घटाने में कैसे मदद करता है मोरिंगा
मोरिंगा में मौजूद फाइबर पाचन को दुरुस्त रखता है और लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है। इससे ओवरईटिंग की संभावना कम होती है। इसके अलावा, ये मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे शरीर में फैट बर्निंग की प्रक्रिया बेहतर होती है। अगर आप वेट लॉस की कोशिश कर रहे हैं, तो मोरिंगा को अपनी डाइट में शामिल करना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
अगर आप चाय पीना पसंद करते हैं, तो रोज की चाय की जगह मोरिंगा टी ट्राई करें। एक कप गर्म पानी में एक चम्मच मोरिंगा पाउडर डालें और 5–7 मिनट तक ढककर रखें। चाहें तो इसमें नींबू और शहद भी मिला सकते हैं। ये चाय शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में मदद करती है और मेटाबॉलिज्म को तेज करती है।
सुबह के नाश्ते में मोरिंगा स्मूदी शामिल करना एक स्वादिष्ट और सेहतमंद विकल्प है। इसके लिए एक केला, एक कप नारियल पानी, एक चम्मच मोरिंगा पाउडर, एक चम्मच शहद और कुछ पालक की पत्तियां लें। सबको मिक्सर में ब्लेंड कर लें। ये स्मूदी एनर्जी से भरपूर होती है और दिनभर ताजगी बनाए रखती है।
वजन कम करने वालों के लिए मोरिंगा सूप एक शानदार विकल्प है। ये कम कैलोरी वाला लेकिन पोषण से भरपूर होता है। इसे बनाने के लिए गाजर, मटर, ब्रोकली जैसी सब्जियां लें, उनमें एक चम्मच मोरिंगा पाउडर, अदरक-लहसुन का पेस्ट और वेजिटेबल स्टॉक डालें। सब कुछ उबाल लें, फिर छानकर हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं। ये सूप शरीर को गर्माहट देने के साथ डिटॉक्स करने में भी मदद करता है।
अगर आपको परांठे पसंद हैं, तो उन्हें थोड़ा हेल्दी बना सकते हैं। आटे में मोरिंगा पाउडर, बारीक कटा प्याज, धनिया, हरी मिर्च, अदरक और जीरा मिलाकर आटा गूंथ लें। इसके बाद परांठे बेलकर दही या चटनी के साथ खाएं। ये न केवल स्वादिष्ट होते हैं बल्कि पोषण से भी भरपूर रहते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।