Jammu and Kashmir Blast: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के एक गांव में सोमवार की सुबह एक जोरदार धमाका हुआ। यह ब्लास्ट घगवाल सेक्टर के गावाला तालाब में पूर्व सरपंच जय राम शर्मा के घर के मेन गेट के पास तड़के करीब 2 बजे हुआ। धमाका इतना भीषण था कि घर के लोहे का गेट और चारदीवारी का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए घटनास्थल से सैंपल लिए।
अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 10 KM की दूरी
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर घगवाल सेक्टर में हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आगे की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि जिस तरह कश्मीर घाटी में पहले टारगेट किलिंग की घटनाएं सामने आती रही हैं, उसी तरह की गतिविधियों की आशंका अब जम्मू क्षेत्र में भी जताई जा रही है। इस घटना को भी कई लोग साजिशन हमला मान रहे हैं।
वहीं पूर्व सरपंच जयराम शर्मा ने कहा कि यह हमला उनके घर को निशाना बनाकर किया गया है। सरपंच ने सुरक्षा एजेंसियों से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। वहीं पूर्व डीडीसी सदस्य सुरेश कुमार ने भी घटना पर चिंता जताई, और कहा कहा कि यह सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। वहीं इलाके कोई अप्रीय घटना न हो इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।