Noida Fire Incident: नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह अचानक अफरा-तफरी तब मच गई, जब एक ऊंची रिहायशी इमारत के फ्लैट से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया और सोसायटी के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, यह आग सुबह करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से 28 मंजिला टावर के 12वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में लगी। जिसके बाद आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और फ्लैट की खिड़कियों से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। लोग जान बचाने के लिए अपने फ्लैट से बाहर भागने लगे।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
वहीं, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। एक अधिकारी ने बताया कि नुकसान की सीमा के बारे में अधिक जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है, क्योंकि अग्निशमन और बचाव अभियान जारी हैं।
बता दें कि यह घटना दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक होटल में लगी भीषण आग के सिर्फ दो दिन बाद हुई है, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई थी।