Aaj Ka Mausam 30 May: बिहार, यूपी तक इन 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया 20+ राज्यों में आएगा भयानक आंधी-तूफान, बवंडर
Aaj Ka Mausam 30 May: मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, आसमानी बिजली और ओले तबाही मचा सकते हैं। इस दौरान कुछ राज्यों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली चक्रवाती हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के प्रचंड बवंडर (थंडरस्क्वाल) का रूप ले सकती हैं
Aaj Ka Mausam 30 May: देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, आसमानी बिजली और ओले तबाही मचा सकते हैं
Aaj Ka Mausam 30 May: देशभर में मौसम का मिजाज बहुत तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 मई के लिए वेदर बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज देश के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, आसमानी बिजली और ओले तबाही मचा सकते हैं। इस दौरान कुछ राज्यों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली चक्रवाती हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के प्रचंड बवंडर (थंडरस्क्वाल) का रूप ले सकती हैं।
यूपी और बिहार समेत 7 राज्यों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं मौसम विभाग के लेटेस्ट बुलेटिन के अनुसार आज 30 मई को देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल कैसा रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि सेंट्रल पाकिस्तान और उसके आसपास एक अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) बना हुआ है।
सेंट्रल पाकिस्तान से राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए आंतरिक ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन भी सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर की वजह से आज देश के अधिकांश हिस्सों में भीषण आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
1. इन 7 राज्यों और क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के बुलेटिन के मुताबिक, आज 30 मई को देश के निम्नलिखित 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आज भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
2. 80kmph की रफ्तार से बवंडर और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम कुछ ऐसा रूप भी ले सकता है जिससे कुछ राज्यों में जान-माल और फसलों के नुकसान की आशंका खड़ी हो गई है। मौसम विभाग ने ओले गिरने और काफी तेज स्पीड वाले थंडरस्क्वाल (प्रचंड तूफान) का अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़ एवं दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि होने की बहुत अधिक संभावना है।
हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली, ओडिशा, पंजाब और राजस्थान में अलग-अलग जगहों पर 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से थंडरस्क्वाल आने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया है कि हवा के झोंको की रफ्तार बढ़कर 80 किमी/घंटा की रफ्तार छू सकता है। राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की भी प्रबल संभावना है। आंध्र प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में आज 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले थंडरस्क्वाल (तूफान) का अलर्ट जारी किया गया है।
3. इन राज्यों में चलेगी 40-50 किमी/घंटा की तेज हवा और कड़केगी बिजली
देश के कई अन्य राज्यों में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा, जहां तेज हवाओं के साथ आसमानी बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गांगेय पश्चिम बंगाल, गुजरात राज्य, हिमाचल प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराइकल, तेलंगाना और उत्तराखंड में अलग-अलग जगहों पर बिजली कड़कने और 40-50 किमी/घंटा की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
केरल और माहे, लक्षद्वीप और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बिजली कड़कने के साथ 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। असम और मेघालय, तटीय कर्नाटक तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर आंधी के साथ केवल बिजली कड़कने की संभावना जताई गई है।
उत्तर-पश्चिम भारत को गर्मी से बड़ी राहत, लेकिन यहां चलेगी लू
अधिकतम तापमान को लेकर मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है, हालांकि कुछ इलाकों में लू का सितम जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में आज तक अधिकतम तापमान में 5-7°C की गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। इसके अलावा गुजरात राज्य में भी 4 जून तक अधिकतम तापमान में 3-5°C की क्रमिक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
इस राहत के बीच देश के दो हिस्सों में आज भी भीषण गर्मी का सितम झेलना पड़ेगा। आईएमडी के मुताबिक तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आज हीटवेव (लू) की स्थिति बने रहने की बहुत अधिक संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 की प्रगति का अपडेट
आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है। अगले 2-3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के कुछ और हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम, पूर्व-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं।
समुद्र में बवंडर: मछुआरों के लिए समंदर न लांघने की सख्त चेतावनी
खराब मौसम, ऊंची लहरों और तेज हवाओं के मद्देनजर मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सख्त हिदायत दी है।
अरब सागर: सोमालिया तट और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में 45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं 65 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा कोमोरिन क्षेत्र में भी 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को 31 मई तक उत्तरी गुजरात तट और उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर में न जाने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी 30 मई का पूरे देश का वेदर मैप यहां नीचे देखिए
बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका के तटों, दक्षिण और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के साथ-साथ अंडमान सागर में 40-50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के कारण मछुआरों को 3 जून 2026 तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।