Delimitation Bill: 'तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं'; परिसीमन बिल पर कांग्रेस को बड़ा झटका! राहुल गांधी के समर्थन की अपील पर स्टालिन का आया जवाब

Delimitation Bill Row: परिसीमन बिल को रोकने की कोशिश कर रही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तरफ से परिसीम बिल का विरोध करने की अपील के बीच तमिलनाडु के पूर्व सीएम एमके स्टालिन ने अपनी पार्टी DMK के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने तमिलनाडु के हितों से समझौता न करने की बात कही है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 12:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delimitation Bill: एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने परिसीमन बिल का सपोर्ट करने का ऐलान किया है

Delimitation Bill Row: प्रस्तावित परिसीमन बिल के मुद्दे पर विपक्षी एकजुटता बनाने की कांग्रेस की कोशिशों के बीच तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) प्रमुख एम.के. स्टालिन के बयान ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करने और परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करने की बात कही थी।

लेकिन स्टालिन ने अपने जवाब में साफ कर दिया कि DMK परिसीमन के मुद्दे पर तमिलनाडु और राज्य के लोगों के हितों को सर्वोपरि रखेगी। उन्होंने कहा कि DMK अपने इस रुख से अब कोई भी समझौता नहीं करेगी। स्टालिन ने कहा कि परिसीमन के मामले में तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को हमेशा सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है।

DMK ने परिसीमन बिल को समर्थन देकर बदला विपक्ष का समीकरण


दरअसल, कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि जिस DMK को INDIA गठबंधन का अहम सहयोगी माना जाता रहा है, उसने केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन प्रस्ताव को समर्थन देने का फैसला कर लिया है। स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि इसमें DMK की दो मुख्य मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के संघर्ष की जीत और सभी दक्षिणी राज्यों की विजय है।

लोकसभा में 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती न करने और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को बनाए रखना, DMK की दो मुख्य मांगें हैं। उन्होंने कहा कि इन दो मांगों को नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल किया गया है। चूंकि अप्रैल में संसद में पेश किये गए पिछले विधेयक में ये बातें नहीं थीं, इसलिए उसका विरोध किया गया था।

राहुल गांधी की अपील, लेकिन स्टालिन अपने रुख पर कायम

रविवार सुबह राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने स्टालिन से परिसीमन बिल का विरोध करने की अपील है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं, थिरु @mkstalin से मिलने चेन्नई जा रहे हैं। हम उनसे और DMK से अनुरोध करेंगे कि वे परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों का विरोध करें। सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे BJP-RSS को भारत के पूरे चुनावी नक्शे को अपने फायदे के हिसाब से फिर से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी। स्टालिन जी हमेशा तमिल-विरोधी ताकतों के खिलाफ एक चट्टान की तरह डटे रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए, हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा।"

वहीं, इस पर एमके स्टालिन ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। एमके स्टालिन ने कहा कि परिसीमन के मामले में तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को हमेशा सर्वोपरि रखते हुए ही हर फैसला लिया है।

एमके स्टालिन ने X पर लिखा, "संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई @RahulGandhi का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर हर फैसला लिया है। हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि इतिहास हमें 'कट्टाबोम्मन' के रूप में याद रखेगा, न कि 'एट्टाप्पन' के रूप में।"

चेन्नई में राहुल, सोनिया और खड़गे की मुलाकात पर नजर

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अन्य नेता रविवार को चेन्नई में DMK प्रमुख एम के स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। विपक्षी दल परिसीमन से जुड़े सरकार के संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपना संख्याबल मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

'इंडिया' गठबंधन के नेताओं की ओर से यह पहल ऐसे समय में की जा रही है, जब विपक्ष सरकार के परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयक को पारित होने से रोकने के लिए अपने पक्ष में पर्याप्त संख्याबल जुटाने की कोशिश कर रहा है। राहुल गांधी ने अगले सप्ताह होने जा रहे संसद के विशेष सत्र से पहले शनिवार को कांग्रेस के सहयोगी दलों, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सहयोगियों और संविधान संशोधन विधेयक का समर्थन करने वाले दलों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा था, "भारतीय लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, कृपया जाग जाइए।"

उन्होंने कहा था कि यह बिल्कुल स्पष्ट हो जाएगा कि लोकतंत्र की रक्षा कौन कर रहा है और कौन नहीं। कांग्रेस नेता का यह बयान द्रमुक जैसे ‘इंडिया’ गठबंधन से बाहर के दलों द्वारा परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को समर्थन दिए जाने के बीच आया है। विपक्षी गठबंधन में शामिल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी इस विधेयक का समर्थन कर सकती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह भी स्पष्ट किया था कि विधेयक का समर्थन करने की स्थिति में भी शरद पवार की पार्टी की 'इंडिया' गठबंधन में स्थिति नहीं बदलेगी।

'इंडिया' अलायंस करेगा विरोध

'इंडिया' गठबंधन ने शनिवार को फैसला किया कि वह संसद में परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करेगा। विपक्षी दलों का कहना है कि इससे अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) के हितों को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने इस कदम को देश में लोकतंत्र खत्म कर स्थायी रूप से सत्ता पर काबिज होने की भाजपा-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की कोशिश बताया।

क्या है परिसीमन बिल?

केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है। इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, संशोधित सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी है।

संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से होगी। सत्र का समापन तीन दिसंबर को होगा। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी है।

ये भी पढ़ें- Delimitation Bill New Map: परिसीमन के बाद यूपी में होंगी 120 लोकसभा सीटें, तमिलनाडु को मिलेंगी 59; सरकार ने जारी किया नया नक्शा

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।