Delimitation Bill: परिसीमन बिल को रोकने के लिए कांग्रेस की आखिरी कोशिश! एमके स्टालिन और शरद पवार को आज मनाने जाएंगे खड़गे-सोनिया गांधी
Delimitation Bill: प्रस्तावित परिसीमन बिल को पास होने से रोकने के लिए विपक्षी 'INDIA' गठबंधन के पास संसद में नंबर नहीं है। ऐसे में इस बिल को रोकने की आखिरी कोशिश करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन और NCP (SP) अध्यक्ष शरद पवार से मिलने जा रहे हैं। खड़गे के साथ सोनिया गांधी के जाने की भी खबर है। दोनों नेता पहले चेन्नई जाएंगे और फिर मुंबई का दौरा करेंगे
Delimitation Bill: DMK और NCP (SP) के पास फिलहाल 30 सांसद हैं, जो सरकार के लिए संजीवनी से कम नहीं है
Delimitation Bill: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन 'INDIA' में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने सहयोगी दलों के नेताओं से बातचीत की पहल की है। खबरों के मुताबिक, खड़गे रविवार (29 नवंबर) को चेन्नई में DMK प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में NCP (SP) प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करने वाले हैं। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी इन बैठकों में उनके साथ शामिल हो सकते हैं।
खबर है कि INDIA गठबंधन के वरिष्ठ नेता भी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ जा रहे हैं। INDIA गठबंधन का एक प्रतिनिधिमंडल इन दोनों नेताओं से मुलाकात करेगा। सूत्रों ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, राहुल गांधी, मीसा भारती और राजीव राय भी जा रहे हैं।
खड़गे की यह पहल ऐसे समय में हो रही है, जब परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी दलों के बीच अलग-अलग राय सामने आ रही है। कांग्रेस जहां केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक का विरोध कर रही है। वहीं DMK ने अपनी मांगें शामिल होने का दावा करते हुए बिल को समर्थन देने का फैसला किया है। दूसरी ओर शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के रुख को लेकर भी अलग-अलग बयान सामने आए हैं। खबर है कि शरद पवार ने सरकार को सपोर्ट करने का मन बना लिया है। ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले खरगे की स्टालिन और पवार से प्रस्तावित मुलाकात को विपक्षी दलों के बीच सहमति बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन में क्यों पैदा हुए मतभेद?
परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग राज्यों के राजनीतिक और संसदीय हितों को लेकर है। कांग्रेस इस विधेयक का विरोध कर रही है। जबकि कुछ क्षेत्रीय दलों का मानना है कि संशोधित प्रस्ताव में उनकी प्रमुख चिंताओं का समाधान किया गया है। 28 नवंबर को मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई विपक्षी दलों की बैठक में INDIA गठबंधन के नेताओं ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया था।
बैठक में तीन प्रमुख मांगें रखी गई थीं। इनमें लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना और अगले 25 सालों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल था। लेकिन इस बैठक में DMK और NCP (SP) की गैरमौजूदगी और बाद में सामने आए उनके अलग रुख ने विपक्ष की साझा रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए।
DMK ने क्यों किया परिसीमन बिल का समर्थन?
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) प्रमुख एम.के. स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि इसमें द्रमुक की दो मुख्य मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के संघर्ष की जीत और सभी दक्षिणी राज्यों की विजय है। लोकसभा में 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती न करने और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को बनाए रखना DMK की दो मुख्य मांगें हैं।
उन्होंने कहा कि इन दो मांगों को नए विधेयक में लिखित रूप में शामिल किया गया है। चूंकि अप्रैल में संसद में पेश किए गए पिछले विधेयक में ये बातें नहीं थीं, इसलिए उसका विरोध किया गया था। स्टालिन ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, "यह 2024 से DMK द्वारा किए जा रहे लगातार संघर्षों की जीत है। यह तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है।"
उन्होंने कहा, "हमें बिना भावुक हुए, इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस परिसीमन विधेयक को पारित कराने में चूक गए तो क्या होगा। इस विधेयक में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों के लिए निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान है।" पत्रकारों से बात करते हुए, वरिष्ठ DMK नेता ए. राजा ने कहा कि यह समर्थन केवल इसलिए दिया गया है क्योंकि पार्टी की मांगों को शामिल कर लिया गया है।
राजा ने आगे कहा, "इससे तमिलनाडु को कोई नुकसान नहीं होगा। 7.18 प्रतिशत का हिस्सा बढ़कर 7.21 प्रतिशत हो जाएगा। सभी पार्टियों की बस यही मांग थी कि परिसीमन निष्पक्ष तरीके से हो। प्रतिनिधित्व का अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित होगा।" उन्होंने कहा, ठजहां तक द्रमुक की बात है, हमारा रुख हमेशा एक जैसा रहा है। चाहे हम सत्ता में रहे हों या सत्ता से बाहर... राजनीतिक स्थिति चाहे जो भी रही हो, हमने अपना रुख नहीं बदला है।"
पहले बता चुते हैं 'काला कानून'
पार्टी के अनुसार, निष्पक्ष परिसीमन की मांग को लेकर, जब पार्टी सत्ता में थी, तब उसने 14 फरवरी 2024 को एक प्रस्ताव पारित किया था। इस साल अप्रैल में स्टालिन ने केंद्र के तत्कालीन परिसीमन विधेयक की एक प्रति जलाई थी, इसे 'काला कानून' करार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि इसका मकसद तमिल लोगों को उनकी अपनी ही जमीन पर शरणार्थी बनाना है।
शरद पवार की पार्टी के रुख पर भी नजर
परिसीमन बिल को लेकर NCP (SP) का रुख भी चर्चा में है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शनिवार को दावा किया कि संसद के विशेष सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले संविधान संशोधन और परिसीमन विधेयकों की जांच-परख के बाद शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) ने इनका समर्थन करने की अपनी इच्छा जताई है।
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP), शिवसेना के साथ-साथ भाजपा (BJP) के नेतृत्व वाले 'महायुति' गठबंधन का एक घटक दल है। प्रफुल्ल पटेल ने कहा, "मुझे विश्वास है कि यह विधेयक देश और महिलाओं के सही हित में तथा बढ़ते शहरीकरण के अनुरूप लाया गया है, ताकि हर व्यक्ति को अपने-अपने हितों के अनुसार एक अच्छा निर्वाचन क्षेत्र मिल सके।"
उन्होंने कहा, "यह नेकनीयत के साथ लाया गया है और शरद पवार जी की पार्टी इसका समर्थन कर रही है। NCP (SP) ने कहा है कि वह विधेयक को पढ़ेगी। इसका अध्ययन करने के बाद इस पर मतदान करेगी। DMK भी इसका समर्थन कर रही है। हम उसके रुख का स्वागत करते हैं।" उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं के लिए आरक्षण को आगे बढ़ाएगा जो एक अच्छा कदम है।
उन्होंने कहा, "जब मैं गोंदिया-भंडारा से सांसद था, तब परिसीमन के दौरान मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लिए नई सीमाएं तय की गई थीं। उन्हीं सीमाओं के आधार पर दोबारा चुनाव हुए थे।" पटेल ने कहा कि यदि परिसीमन फिर से हर 15 साल में होता है, तो इसमें कोई नई या चौंकाने वाली बात नहीं है।
पटेल ने कहा, "सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जरूर दिया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह साहस के साथ किया है और यह अब हकीकत बनने जा रहा है। जो लोग इसका समर्थन करते हैं, हम उनका स्वागत करते हैं।"
NDA का समर्थन करने के लिए NCP (SP) को मंत्री पद की पेशकश किए जाने से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए पटेल ने कहा कि विधेयक का समर्थन करना राष्ट्र हित में है। इसमें कुछ भी राजनीतिक नहीं है।
कांग्रेस और शरद पवार के बीच बढ़ी राजनीतिक तल्खी
परिसीमन बिल पर NCP (SP) के संभावित समर्थन को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने भी नाराजगी जाहिर की है। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार की पार्टी के रुख पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी याद दिलाया कि इस साल राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। इसके बाद दोनों सहयोगी दलों के बीच बयानबाजी तेज हुई।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से, परिसीमन बिल पर होगी चर्चा
केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयकों को संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी की है। विशेष सत्र के दौरान लोकसभा की सदस्य संख्या में करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़कर लगभग 816 हो सकती है। राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रावधान भी प्रस्तावित है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। इसके अलावा कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं से अनुमोदन भी जरूरी होगा।
क्या विपक्ष संसद में एकजुट रह पाएगा?
परिसीमन बिल ने विपक्षी दलों के सामने एक जटिल राजनीतिक स्थिति पैदा कर दी है। कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दल जहां प्रस्तावित विधेयक का विरोध कर रहे हैं। वहीं DMK ने अपनी शर्तें पूरी होने का दावा करते हुए समर्थन का रास्ता चुना है। NCP (SP) के नेताओं के बयानों में भी समर्थन और विधेयक के अध्ययन के बाद फैसला लेने, दोनों तरह के संकेत मिले हैं। ऐसे में खड़गे की स्टालिन और शरद पवार से प्रस्तावित मुलाकातें अहम हो गई हैं।
Congress president Mallikarjun Kharge will meet DMK chief MK Stalin in Chennai and NCP-SCP chief Sharad Pawar in Mumbai today. CPP chairperson Sonia Gandhi is also likely to go with him.
अब देखना होगा कि कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ इस मुद्दे पर कोई साझा रास्ता निकाल पाती है या संसद के विशेष सत्र में विपक्षी दल अलग-अलग रुख अपनाते हैं। 30 नवंबर से शुरू होने वाला संसद का विशेष सत्र इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम की अगली महत्वपूर्ण कड़ी होगा। DMK और NCP (SP) के पास 30 सांसद हैं। उन्होंने अप्रैल में इस बिल के विरोध में मतदान किया था। उनके पाला बदलने से सरकार की राह आसान हो गई है।