Delimitation Bill: परिसीमन बिल पर INDIA गठबंधन का बड़ा ऐलान! संसद में करेगा विरोध; कौन-कौन दल हैं कांग्रेस के साथ?

Delimitation Bill: विपक्षी INDIA गठबंधन ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल का संसद में एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि बीजेपी इस विधेयक के जरिए सत्ता पर स्थायी पकड़ बनाना चाहती है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 7:44 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delimitation Bill: विपक्ष ने लोकसभा की मौजूदा सीटें बरकरार रखने की मांग की है

Delimitation Bill: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में 'INDIA' गठबंधन के विपक्षी दलों ने संसद में इस बिल का एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया है। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार परिसीमन की आड़ में राजनीतिक सत्ता को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस बिल के जरिए लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है।

शनिवार को नई दिल्ली में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक में परिसीमन बिल को लेकर साझा रणनीति तैयार की गई। बैठक में तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। विपक्ष चाहता है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए, महिलाओं के लिए आरक्षण मौजूदा सीटों के आधार पर लागू किया जाए और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आवंटन कायम रखा जाए।

'400 पार के बाद अब 800 पार की तैयारी'


बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। खरगे के मुताबिक, इस विधेयक के जरिए बीजेपी और RSS देश की सत्ता पर लंबे समय तक नियंत्रण बनाए रखना चाहते हैं।

खड़गे ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी के '400 पार' के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि अब सरकार परिसीमन के जरिए '800 पार' की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की योजना का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा सकता है। खरगे ने कहा कि अगर यह विधेयक मौजूदा स्वरूप में आगे बढ़ता है तो इसका असर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सत्ता में स्थायी पकड़ बनाने के लिए इस कानून का इस्तेमाल हथियार के रूप में किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विपक्ष इस विधेयक का संसद में विरोध करेगा।

INDIA गठबंधन की तीन प्रमुख मांगें

विपक्षी दलों की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर तीन प्रमुख मांगें सामने आईं:-

  • पहली मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाए।
  • दूसरी मांग के तहत महिला आरक्षण को लोकसभा की वर्तमान सीटों के आधार पर लागू करने की बात कही गई है।
  • जबकि तीसरी मांग यह है कि अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रखा जाए।

SC-ST आरक्षण और प्रतिनिधित्व को लेकर विपक्ष की चिंता

परिसीमन बिल को लेकर विपक्ष की सबसे बड़ी चिंताओं में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी शामिल है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित विधेयक में SC और ST समुदायों की बढ़ती आबादी के अनुपात में लोकसभा में उनका प्रतिनिधित्व बढ़ाने को लेकर पर्याप्त प्रावधान नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना के आंकड़ों के आधार पर इन समुदायों की आबादी में हुए बदलाव को ध्यान में रखा जाना चाहिए। विपक्ष का तर्क है कि यदि परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के नए आंकड़ों को उचित महत्व नहीं दिया गया तो आरक्षित सीटों के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है।

खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार इस महत्वपूर्ण पहलू पर स्पष्टता नहीं दे रही है। हालांकि, ये विपक्ष की ओर से उठाई गई आशंकाएं और आरोप हैं। विधेयक के वास्तविक प्रभाव का आकलन उसके प्रावधानों और परिसीमन की प्रक्रिया के आधार पर होगा।

कांग्रेस के साथ कौन-कौन से दल साथ?

परिसीमन बिल के खिलाफ रणनीति बनाने के लिए यह बैठक राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित की गई थी। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, RJD के मनोज झा और अभय कुमार सिंह, CPI के पी. संदोश कुमार, IUML के ईटी मोहम्मद बशीर और RSP के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई नेता शामिल हुए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

हालांकि, INDIA गठबंधन का हिस्सा NCP (SP) इस बैठक में शामिल नहीं हुई। पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने अपने पिता की खराब तबीयत के कारण बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई थी।इसके अलावा DMK, आम आदमी पार्टी (AAP) और BJD को भी बैठक में आमंत्रित किया गया था। लेकिन ये दल इसमें शामिल नहीं हुए।

संसद के विशेष सत्र में गरमा सकता है परिसीमन का मुद्दा

केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर संसद का आगामी विशेष सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्ष ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह इस विधेयक के मौजूदा स्वरूप का विरोध करेगा। ऐसे में संसद के विशेष सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच परिसीमन, महिला आरक्षण, राज्यों के प्रतिनिधित्व और SC-ST समुदायों के राजनीतिक अधिकारों को लेकर तीखी बहस होने की संभावना है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार विपक्ष की मांगों पर क्या रुख अपनाती है और संसद में इस विधेयक को लेकर आगे क्या राजनीतिक घटनाक्रम सामने आता है।

ये भी पढ़ें- West Bengal: बंगाल में ₹1 लाख करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट का ऐलान, कोलकाता के चारों तरफ बनेगा 250 KM का रिंग रोड

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।