West Bengal: बंगाल में ₹1 लाख करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट का ऐलान, कोलकाता के चारों तरफ बनेगा 250 KM का रिंग रोड
West Bengal News: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार (26 नवंबर) को पश्चिम बंगाल के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की घोषणा की। इसमें कोलकाता के चारों ओर 250 किमी लंबी रिंग रोड भी शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भरोसा दिलाया कि राज्य की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बेहतर बनाने में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी
West Bengal News: नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में सड़क और हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार देने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार (26 नवंबर) को एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का ऐलान किया। इन परियोजनाओं में कोलकाता के चारों तरफ 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाने की योजना सबसे अहम है। गडकरी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भरोसा दिलाया कि राज्य में सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़े विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी।
पूर्वी मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि बंगाल में करीब ₹40 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। जबकि लगभग 450 किलोमीटर के सड़क निर्माण कार्यों पर ₹35 हजार करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब राज्य के लिए ₹1 लाख करोड़ की नई परियोजनाओं की घोषणा की जा रही है। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि वह सिर्फ घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखते, बल्कि जिन परियोजनाओं का वादा करते हैं, उन्हें पूरा भी करते हैं।
कोलकाता के चारों तरफ बनेगा 250 KM का रिंग रोड
गडकरी की घोषणा में सबसे बड़ा प्रोजेक्ट कोलकाता का 250 किलोमीटर लंबा रिंग रोड है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब ₹14 हजार करोड़ बताई गई है। रिंग रोड बनने से कोलकाता और आसपास के शहरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम करने और वाहनों को वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। गडकरी ने कोलकाता के लिए डीटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने को कहा। उन्होंने पुणे की तर्ज पर शहर में फ्लाईओवर और पुलों के निर्माण की भी इच्छा जताई, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
सिलीगुड़ी-गुवाहाटी कॉरिडोर पर ₹26 हजार करोड़ खर्च
बंगाल में जिन बड़ी सड़क परियोजनाओं का ऐलान किया गया है, उनमें सिलीगुड़ी-गुवाहाटी फोरलेन कॉरिडोर भी शामिल है। इस प्रोजेक्ट पर करीब ₹26 हजार करोड़ खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर के लिए ₹6 हजार करोड़ की परियोजना का ऐलान किया गया है। इन सड़कों से उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वाराणसी-कोलकाता हाईवे से 5 घंटे में पूरा होगा सफर
गडकरी ने वाराणसी-कोलकाता हाईवे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस हाईवे की डीटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर कैबिनेट को भेज दी गई है। इस हाईवे के चालू होने के बाद वाराणसी और कोलकाता के बीच यात्रा का समय घटकर करीब पांच घंटे रह जाने का अनुमान है। इससे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिल सकती है।
गंगासागर तक भी बेहतर होगी कनेक्टिविटी
गडकरी ने पश्चिम बंगाल के प्रमुख धार्मिक स्थल गंगासागर तक बेहतर सड़क संपर्क विकसित करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क नेटवर्क का विस्तार होने से धार्मिक पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विकास के लिए पैसे की कमी नहीं होगी: गडकरी
कार्यक्रम में गडकरी ने सीएम शुभेंदु अधिकारी को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार बंगाल में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, बिजली और संचार किसी भी अर्थव्यवस्था के विकास के चार प्रमुख आधार हैं। इन क्षेत्रों में निवेश बढ़ने से उद्योग, कारोबार, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
साथ ही निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। गडकरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के बाद शुरू हुए इंफ्रास्ट्रक्चर विकास अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि भारत को दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल करने के लिए बुनियादी ढांचे का लगातार विस्तार जरूरी है।
₹8,700 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का भी उद्घाटन
पीटीआई के मुताबिक, कोलाघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ₹8,700 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री अधिकारी ने राज्य में सड़क और पुल निर्माण से जुड़ी नई परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। गडकरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल से पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।