Parliament Session 2026: केंद्र सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे क्रमशः सोमवार यानी 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और बुधवार (2 दिसंबर 2026) को राज्यसभा की विशेष बैठकें फिर से बुलाएं, ताकि आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाया जा सके। हालांकि, यह कामकाज की तात्कालिक आवश्यकताओं पर निर्भर करेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने गुरुवार (26 नवंबर) को कहा कि सरकार ने आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक क्रमश 30 नवंबर और दो दिसंबर को फिर से बुलाने का फैसला किया है।
रीजीजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से क्रमशः 30 नवंबर और दो दिसंबर, 2026 को सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यह बैठक आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने और कामकाज की जरूरतों के अनुरूप बुलाई गई है। रीजीजू ने कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
विशेष सत्र क्यों बुला रही सरकार?
सरकार के इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, दो दिसंबर को होगी। संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों की कार्यवाही बीते 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी। परिसीमन और महिला कोटा विधेयक को लेकर चर्चाओं के बीच 30 नवंबर से विशेष सत्र शुरू होने को लेकर देश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।