IPS Alok Singh: उत्तर प्रदेश सरकार ने 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्हें यह जिम्मेदारी पुलिस सेवा से उनके रिटायरमेंट से कुछ महीने पहले सौंपी गई है। आलोक सिंह अभी प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (PAC) के महानिदेशक (DG) के पद पर हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर वह 23 जनवरी 2029 तक इस पद पर बने रहेंगे। 24 जनवरी 2027 को वे 60 वर्ष के हो जाएंगे और उसी समय के आसपास IPS सेवा से रिटायर हो जाएंगे। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने गुरुवार को नियुक्ति आदेश जारी किया। राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316(1) के तहत यह नियुक्ति की है।
मई 2026 में उन्हें पुलिस महानिदेशक (DG) के पद पर पदोन्नत किया गया। UPPSC में नियुक्ति से पहले वे PAC मुख्यालय का नेतृत्व कर रहे थे और उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (SSF) के DG के रूप में भी कार्यरत थे। उन्होंने एयर इंडिया में सुरक्षा निदेशक के तौर पर भी काम किया है। सिंह को पुलिस वीरता पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक, राष्ट्रपति का पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
UPPSC के नए प्रमुख के सामने आगे क्या चुनौतियां हैं?
UPPSC राज्य सरकार के महत्वपूर्ण पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता है, जिसमें प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) भी शामिल है। इसकी जिम्मेदारियों में परीक्षाओं की देख रेख, चयन प्रक्रिया और भर्ती संबंधी सिफारिशें करना शामिल है।
पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत का कार्यकाल 21 नवंबर को समाप्त होने के बाद सिंह ने यह कार्यभार संभाला है। आयोग की मुख्य जिम्मेदारियों में भर्ती परीक्षाएं आयोजित करना, चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा करना शामिल है।
उनकी यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश की विभिन्न भर्ती संस्थाओं में किए गए बड़े फेरबदल के बीच हुई है। पूर्व DGP प्रशांत कुमार 'उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग' के प्रमुख हैं, जबकि पूर्व IPS अधिकारी सत्य नारायण साबत 'उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग' का नेतृत्व कर रहे हैं।