Apple का भारत में 7वां स्टोर खुलेगा! 10 दिसंबर को हैदराबाद में होगी शुरुआत; जानें- कहां मिलेगी एंट्री और क्या होंगी सुविधाएं
Apple Store in Hyderabad: दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी Apple भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार करने जा रही है। कंपनी ने हैदराबाद में अपना नया स्टोर खोलने का ऐलान किया है। 'Apple Kukatpally' नाम से खुलने वाला यह भारत में Apple का सातवां स्टोर होगा। इसके साथ ही हैदराबाद देश का छठा शहर बन जाएगा, जहां कंपनी का अपना रिटेल स्टोर होगा
Apple Store in Hyderabad: एप्पल 10 दिसंबर को हैदराबाद में अपना पहला स्टोर खोलेगी
Apple Store in Hyderabad: आईफोन बनाने वाली दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल 10 दिसंबर को हैदराबाद में अपना पहला स्टोर खोलेगी। यह स्टोर लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में खुलेगा। यह भारत में कंपनी का सातवां खुदरा स्टोर होगा। कंपनी ने एक बयान में कहा, "तेलंगाना के हैदराबाद में 'लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल' स्थित 'एप्पल कुकटपल्ली' 10 दिसंबर को खुलेगा। यह भारत में कंपनी के रिटेल कारोबार के विस्तार की दिशा में एक और उपलब्धि है। यह दक्षिण भारत में कंपनी की बढ़ती मौजूदगी को और मजबूत करेगा। देश में एप्पल का सातवां स्टोर होने के नाते यह हैदराबाद के ग्राहकों को कंपनी के उत्पादों को देखने और खरीदने के साथ-साथ उसकी सेवाओं और सहायता का प्रत्यक्ष अनुभव लेने के नए अवसर देगा।"
'साइबर मीडिया रिसर्च' की 2026 की तीसरी तिमाही में स्मार्टफोन की आपूर्ति पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल भारत में सबसे अधिक बिकने वाले शीर्ष पांच ब्रांड में शामिल है। देश के स्मार्टफोन बाजार में इसकी हिस्सेदारी 9 प्रतिशत है। हैदराबाद में एप्पल की अनुसंधान एवं विकास और खुदरा ग्राहक सेवा टीम भी मौजूद हैं।
कंपनी के सभी प्रमुख प्रोडक्ट्स उपलब्ध होंगे
'एप्पल कुकटपल्लीट (Apple Kukatpally)' स्टोर में कंपनी के सभी प्रमुख प्रोडक्ट्स उपलब्ध होंगे। इनमें लेटेस्ट आईफोन 18 प्रो (iPhone 18 Pro) और आईफोन 18 प्रो मैक्स, आईफोन डुओ, प्रोएलईडी एक्सडीआर डिस्प्ले और टच वाला मैकबुक प्रो, एप्पल वॉच सीरीज 12 और अल्ट्रा 4 शामिल हैं। 'Apple Kukatpally' भारत में कंपनी के पहले से मौजूद छह स्टोर्स के नेटवर्क में शामिल हो जाएगा। एप्पल ने 2023 में सबसे पहले दो स्टोर 'एप्पल बीकेसी' और 'एप्पल साकेत' लॉन्च किए थे। हाल ही में कंपनी अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार कर रही है। पिछले साल सितंबर के बाद से चार नए स्टोर खुले हैं जिनमें मुंबई में एप्पल बोरीवली, दिल्ली NCR में एप्पल नोएडा, बेंगलुरु में एप्पल हेब्बल और पुणे में एप्पल कोरेगांव पार्क शामिल है।
Apple की R&D और कस्टमर केयर टीमें भी मौजूद
Apple ने अपने आधिकारिक ऐलान में बताया कि हैदराबाद कंपनी के लिए पहले से ही महत्वपूर्ण शहर रहा है। यहां कंपनी की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और रिटेल कस्टमर केयर टीमें काम करती हैं। नए रिटेल स्टोर के खुलने से शहर में Apple की मौजूदगी और मजबूत होगी। इससे स्थानीय ग्राहकों को कंपनी के प्रोडक्ट्स और सेवाओं तक सीधे पहुंच मिलेगी।
हैदराबाद की 'City of Pearls' पहचान से प्रेरित डिजाइन
Apple ने अपने नए स्टोर के डिजाइन में हैदराबाद की सांस्कृतिक पहचान को खास जगह दी है। हैदराबाद को 'City of Pearls' यानी मोतियों का शहर कहा जाता है। इसी पहचान से प्रेरणा लेते हुए कंपनी ने स्टोर की बैरिकेडिंग पर मोती से प्रेरित लोगो तैयार किया है। Apple के अनुसार, इसका डिजाइन शहर की सदियों पुरानी उस परंपरा को दर्शाता है, जिसमें दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले मोतियों की प्रोसेसिंग और उनकी चमक को निखारने का काम किया जाता रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक स्टोर के अंदरूनी डिजाइन की तस्वीरें शेयर नहीं की हैं।
रायपुर में एप्पल स्टोर से दो करोड़ रुपये के प्रोडक्ट्स चोरी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक एप्पल स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये के उत्पाद चोरी करने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय 'कंजर गिरोह' के कथित सरगना सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों के पास से अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं।
रायपुर के पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंकखुर्द निवासी राजेश सिंह झाला उर्फ कंजर (43) और बड़वानी जिले के निवासी सफान खान (35) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस झाला के बेटे राज झाला सहित दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। आरोप है कि उसने गिरोह के एक अन्य सदस्य राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
173 आईफोन, घड़ियां, हेडफोन और एयरपॉड्स चोरी
शुक्ला ने पीटीआई को बताया कि चोरी की यह घटना 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरमियानी रात रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मरीन ड्राइव स्थित 'आईनेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा संचालित एप्पल स्टोर में हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर वहां से 173 आईफोन, घड़ियां, हेडफोन और एयरपॉड्स चुरा लिए थे। इन सभी उत्पादों की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये है। आरोपी स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) भी अपने साथ ले गए थे।
शुक्ला ने बताया कि घटना की जांच और आरोपियों का पता लगाने के लिए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की छह विशेष टीम गठित की गई थीं। उन्होंने बताया कि स्टोर से डीवीआर हटा दिए जाने और आसपास के कैमरों की फुटेज की क्वालिटी खराब होने के बावजूद जांचकर्ताओं को घटनास्थल के पास दोपहिया वाहन पर तीन लोग दिखाई दिए। ये लोग आठ मिनट के भीतर वहां से चले गए थे।
पुलिस की एक टीम संदिग्धों की तलाश करते हुए महाराष्ट्र के मौधा पहुंची। हालांकि वहां पहुंचने के बाद संदिग्ध का सुराग नहीं मिल सका। जांच के दौरान पुलिस को मौधा में कुल्हान नदी के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली। उसके इंजन और ढांचे पर अंकित पहचान संख्या मिटा दी गई थी। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा इलाके से चोरी की गई थी।
'कंजर गिरोह' के सदस्य निकले आरोपी
शुक्ला ने बताया कि इससे संदिग्धों और चोरी की वारदात के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिली।उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के गहन विश्लेषण और अंतरराज्यीय पुलिस तंत्र के साथ जानकारी साझा करने के बाद जांचकर्ताओं ने संदिग्धों की पहचान कर ली। वे मध्य प्रदेश के देवास-इंदौर क्षेत्र से सक्रिय 'कंजर गिरोह' के सदस्य निकले।
शुक्ला ने बताया कि देवास पुलिस की मदद से झाला को गिरफ्तार किया गया। उसने शुरुआत में जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन बाद में स्वीकार किया कि उसने अपने बेटे राज और गांव के राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी की थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के चोरी हुए 125 आईफोन बरामद किए।