Anand Mohan: बिहार के पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन को 'सुप्रीम' झटका! सजा में छूट का आदेश रद्द, IAS अधिकारी हत्याकांड मामले में करना होगा सरेंडर

Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने 1994 के IAS अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में बिहार सरकार की ओर से दी गई पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई की छूट को रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल अथॉरिटी के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 1:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने IAS अधिकारी की हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को बिहार सरकार द्वारा दी गई सजा माफी को रद्द किया

Anand Mohan: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व सांसद आनंद मोहन को बिहार सरकार की ओर से दी गई सजा में छूट गुरुवार (26 नवंबर) को रद्द कर दी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने पूर्व सांसद को एक महीने के भीतर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा कि मोहन को दी गई सजा में छूट का आदेश उचित नहीं था। कानूनी कसौटी पर खरा नहीं उतरता, क्योंकि राहत देने के मामले में निचली अदालत के जज की राय पर गलत तरीके से विचार किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने मोहन को सजा में छूट देने संबंधी बिहार सरकार की 24 अप्रैल 2023 की अधिसूचना रद्द कर दी। इसके साथ ही अदालत ने बिहार कारागार नियमावली में किए गए उस संशोधन को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों की समय से पहले रिहाई पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया था। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार को मोहन की सजा में छूट देने से रोका नहीं गया है। लेकिन इसके लिए उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।

एक महीने में करना होगा सरेंडर


शीर्ष अदालत ने कहा कि सजा में छूट देने की नई प्रक्रिया उनके एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने के बाद ही शुरू की जा सकती है। तेलंगाना निवासी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी जी. कृष्णैया की 1994 में मुजफ्फरपुर जिले में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय उनका वाहन गैंगस्टर छोटन शुक्ला की अंतिम यात्रा से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। उस समय विधायक रहे आनंद मोहन इस अंतिम यात्रा में शामिल थे। उन पर भीड़ को कृष्णैया की हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। दिवंगत अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया ने याचिका दायर कर आनंद मोहन को दी गई सजा में छूट के आदेश को चुनौती दी है।

2007 में ट्रायल कोर्ट ने आनंद मोहन को मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, 2008 में पटना हाईकोर्ट ने उनकी फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। इसके बाद आनंद मोहन जेल में सजा काट रहे थे। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद बिहार की तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार ने जेल मैनुअल में संशोधन किया। फिर 24 अप्रैल 2023 को उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया गया। उस दिन आनंद मोहन के साथ 26 अन्य कैदियों को भी रिहाई मिली थी।

अब क्या होगा आनंद मोहन का?

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करना होगा। ऐसा नहीं करने की स्थिति में उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि, अदालत ने बिहार सरकार के लिए भविष्य में कानून के मुताबिक उनकी सजा में छूट पर विचार करने का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं किया है। सरकार नई प्रक्रिया शुरू कर सकती है। लेकिन इसमें पीड़ित परिवार को सुनवाई का मौका देना अनिवार्य होगा।

ये भी पढ़ें- UP Election 2027: सपा का पहला मैनिफेस्टो आज, अखिलेश की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर नजर

बिहार की राजनीति में सक्रिय आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जनता दल यूनाइटेड (JDU) की शिवहर से सांसद हैं। जबकि उनके बेटे चेतन आनंद JDU के विधायक हैं। आनंद मोहन खुद भी JDU से जुड़े होने का दावा करते रहे हैं। हालांकि पार्टी ने उन्हें अपना सदस्य नहीं बताया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।