प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि केंद्र की NDA सरकार महिलाओं को आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पीएम का ये बयान ऐसे समय आया जब सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़ा विधेयक फिर से पेश करने की तैयारी कर रही है।
वीडियो के कैप्शन में लिखा था, “हमारा हौसला भी बुलंद है। हमारी हिम्मत भी अटूट है।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर एक वीडियो संदेश शेयर करते हुए कहा, "हमने देश की महिलाओं से एक वादा किया था और उसे पूरा करने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।" इस वीडियो में लिखा था, "हमारा हौसला भी मजबूत है और हमारा इरादा भी अटल है।" पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि, उनकी सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
तीन दिन का बुलाया विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने सोमवार, 30 नवंबर से संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान सरकार परिसीमन से जुड़ा संशोधित विधेयक पेश कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सत्र में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक भी लाए जाने की तैयारी है। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। संसद के दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर को समाप्त होगा।
वहीं संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र से पहले द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है।