IMD Weather Update: देशभर में मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। देश के किसी हिस्से में तेज बारिश तो वहीं कहीं पर सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के मौसम को लेकर जानकारी दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, उत्तर और उत्तर-पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम का असर अलग देखने को मिलेगा। आईएमडी ने दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश समेत कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। आइए जानते हैं आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम कैसा रहने वाला है। आइए जानते हैं कैसा होगा मौसम
IMD के अनुसार, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके बाद अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, केरल और माहे में भी 28 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। यहां भी आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, 29 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
इसके साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भी 3 दिसंबर तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। ऐसे में दक्षिण भारत के इन इलाकों में आने वाले दिनों में मौसम बदला हुआ रहने का अनुमान है। 28 नवंबर को लक्षद्वीप में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, अंडमान-निकोबार में 30 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार, 28 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 28 और 29 नवंबर को कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इसके अलावा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इन दो दिनों तक घना कोहरा रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय वाहन चलाते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
दिल्ली-NCR में होगा घना कोहरा
दिल्ली-NCR में आने वाले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, शनिवार सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है, जो धीरे-धीरे कम होकर हल्का से मध्यम रह जाएगा। IMD के अनुसार, राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। खास बात यह है कि दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, जिससे सुबह और शाम को ठंड का एहसास बढ़ेगा। दिल्ली में अगले सोमवार तक मौसम साफ और धूप खिली रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 23 से 26 और न्यूनतम 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी।
अगले सात दिनों में कैसा होगा मौसम
IMD के अनुसार, अगले सात दिनों तक देश के किसी भी हिस्से में शीतलहर चलने या कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, महाराष्ट्र में आने वाले कुछ दिनों के दौरान रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। इससे राज्य के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है।