भारत के लिए खुला बड़ा मौका! बांग्लादेश से शिफ्ट हुए ग्लोबल ब्रांड्स के करोड़ों के ऑर्डर, गारमेंट ऑर्डर के कारोबार को मिला पुश

बांग्लादेश में श्रमिक अशांति और उत्पादन बाधाओं के बीच Zara, H&M समेत ग्लोबल ब्रांड्स ने 254 मिलियन डॉलर के गारमेंट ऑर्डर दूसरी जगह शिफ्ट किए। भारत को मिला सबसे बड़ा हिस्सा।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 7:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

बांग्लादेश में अशांति और प्रोडक्शन में आ रही बाधाओं का फायदा भारत के गारमेंट उद्योग को मिलता दिखाई दे रहा है। Zara और H&M जैसे वैश्विक फैशन ब्रांड्स ने अपने कुछ ऑर्डर बांग्लादेश से हटाकर दूसरे एशियाई देशों में शिफ्ट किए हैं। इस बदलाव में भारत सबसे बड़ा लाभार्थी बनकर उभरा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती 18 दिनों में बांग्लादेश से करीब 254 मिलियन डॉलर यानी लगभग 25.4 करोड़ डॉलर के गारमेंट ऑर्डर दूसरी जगह भेजे गए। इनमें से ज्यादातर ऑर्डर भारत आए हैं।

तीन फैक्ट्री मालिकों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि नवंबर के पहले पखवाड़े में वैश्विक फैशन रिटेलर्स ने बांग्लादेश से अपने मासिक ऑर्डर का लगभग दसवां हिस्सा दूसरे एशियाई विनिर्माण केंद्रों में शिफ्ट किया। भारत के अलावा वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया भी इन ऑर्डर को हासिल करने की कोशिश में हैं। कंपनियां अब अपनी सप्लाई चेन में जोखिम कम करने और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दे रही हैं।

बांग्लादेश में क्यों बिगड़े हालात?


बांग्लादेश का गारमेंट उद्योग देश की अर्थव्यवस्था का एक अहम आधार है। यह उद्योग देश की निर्यात आय में 80 फीसदी से अधिक और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 40 फीसदी रोजगार का योगदान देता है। लेकिन हालिया श्रमिक प्रदर्शनों और उत्पादन में रुकावटों ने इस क्षेत्र को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGMEA) के मुताबिक विरोध प्रदर्शनों की वजह से 400 मिलियन डॉलर से अधिक का उत्पादन नुकसान हुआ है।

इस बीच बांग्लादेश ने बुधवार को गारमेंट श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में 36 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी। हालांकि यह वृद्धि पिछले चार दशकों में सबसे कम रही और श्रमिकों की वेतन दोगुना से अधिक करने की मांग से काफी नीचे थी। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच फिर झड़पें हुईं। उद्योग के जानकारों का कहना है कि वेतन बढ़ने से बांग्लादेश का भारत के मुकाबले श्रम लागत का फायदा भी कम हो सकता है।

भारत को डिलीवरी के मोर्चे पर भी बढ़त

BGMEA के निदेशक एम. मोहिउद्दीन चौधरी के मुताबिक भारत खरीदारों को बांग्लादेश की तुलना में करीब एक सप्ताह पहले डिलीवरी दे सकता है। वहीं वियतनाम और कंबोडिया डिलीवरी का समय 15 दिन तक कम कर सकते हैं। उनके अनुसार दूसरे विनिर्माण केंद्रों में उत्पादन और डिलीवरी की प्रक्रिया आमतौर पर 60 से 90 दिनों में पूरी हो सकती है जबकि बांग्लादेश में इसमें करीब 120 दिन लगते हैं।

बांग्लादेश में ढाका के आसपास की फैक्ट्रियों को अनुमानित 20 से 25 उत्पादन दिनों का नुकसान हुआ है। ऑर्डर समय पर पूरे करने के लिए कुछ निर्माता ओवरटाइम और महंगी एयर फ्रेट सेवाओं पर विचार कर रहे हैं। फैक्ट्री मालिकों के मुताबिक, Zara, H&M, Marks & Spencer और Celio जैसे ब्रांड्स ने अपने कुछ ऑर्डर दूसरी जगह भेजे हैं।

अस्थायी बदलाव स्थायी होने का खतरा

बांग्लादेश के उद्योग जगत की चिंता सिर्फ मौजूदा ऑर्डर के जाने तक सीमित नहीं है। फैक्ट्री मालिकों को आशंका है कि खरीदार भविष्य के ऑर्डर भी दूसरे देशों को दे सकते हैं। Alps Apparels Group के मैनेजिंग डायरेक्टर खान मोनिरुल आलम ने बताया कि एक नवंबर के बाद से उनके ज्यादातर खरीदारों ने नए ऑर्डर देना रोक दिया है। कुछ खरीदारों ने ऑर्डर शिफ्ट, स्थगित या रद्द करने की जानकारी दी है।

बांग्लादेश में ऊर्जा की कमी, बढ़ती लागत और राजनीतिक अनिश्चितता भी उद्योग पर दबाव बढ़ा रही है। ऐसे में वैश्विक खरीदारों का भरोसा दोबारा हासिल करना बड़ी चुनौती बन सकता है। उद्योग के नेताओं का कहना है कि अगर अस्थिरता बनी रहती है तो फिलहाल दूसरी जगह भेजे गए ऑर्डर स्थायी रूप से भी वहीं जा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।