कल का मौसम 28 नवंबर पूर्वानुमान: मौसम लेने जा रहा करवट, यूपी-पंजाब से दिल्ली तक कोहरे की चेतावनी, बारिश पर IMD ने दिया ये अलर्ट

28 नवंबर को यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में घने कोहरे का अलर्ट है। तमिलनाडु में भारी बारिश और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में गरज-चमक की संभावना है।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 5:37 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। IMD ने 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही देश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 28 नवंबर को उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश के साथ पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। दूसरी ओर दक्षिण भारत में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। IMD के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

यूपी, दिल्ली और पंजाब समेत इन राज्यों में कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। हिमाचल प्रदेश के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घने कोहरे की संभावना है। IMD के चेतावनी पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 नवंबर को घना कोहरा छा सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा त्रिपुरा में 29 नवंबर तक ऐसी स्थिति रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 1 दिसंबर तक घने कोहरे का अलर्ट है।


दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 28 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय कुछ जगहों पर धुंध और हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली के ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रह सकता है। सुबह के समय उत्तर-पूर्व दिशा से हल्की हवा चलने का अनुमान है जिसकी स्पीड 5 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दोपहर में हवा की स्पीड बढ़कर 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात में फिर हवा की स्पीड 5 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

तमिलनाडु में भारी बारिश, दक्षिण भारत में आंधी-तूफान

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। IMD ने 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।