देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत सूरत स्टेशन की पहली तस्वीरें सामने आई हैं। रेल मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर स्टेशन की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि यहां स्मार्ट तकनीक के साथ आधुनिक यात्री सुविधाएं डेवलप की जा रही हैं। डायमंड थीम पर तैयार हो रहा यह स्टेशन अपने शानदार इंटीरियर, ग्लास रेलिंग, एस्केलेटर और एयरपोर्ट जैसी बनावट की वजह से खास नजर आ रहा है। सूरत को दुनिया में हीरों के कारोबार के लिए जाना जाता है। इसी पहचान को स्टेशन के डिजाइन में जगह दी गई है। इसकी बाहरी और अंदरूनी बनावट में हीरे की कटिंग और फैसेट से प्रेरणा ली गई है। स्टेशन के अंदर आधुनिक छत, कांच की रेलिंग और एस्केलेटर इसे पारंपरिक रेलवे स्टेशनों से अलग लुक देते हैं।
तीन स्तरों पर तैयार हो रहा सूरत स्टेशन
सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशन की इमारत को तीन स्तरों में विकसित किया जा रहा है। ग्राउंड लेवल पर पार्किंग, यात्रियों को छोड़ने और लेने के लिए पिक-अप-ड्रॉप की सुविधा और सुरक्षा जांच की व्यवस्था होगी। कॉनकोर्स लेवल पर टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज, शौचालय और दुकानें बनाई जा रही हैं। वहीं प्लेटफॉर्म लेवल से यात्री बुलेट ट्रेन में चढ़ सकेंगे और उतर सकेंगे। इस तरह यात्रियों की आवाजाही और अलग-अलग सुविधाओं के लिए स्टेशन में व्यवस्थित जगह तय की गई है।
सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में बिजली सप्लाई शुरू
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर काम भी आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर को सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया। इस सेक्शन में सूरत और बिलिमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक शामिल है। इसमें चार नदियों पर पुल और नेशनल हाईवे-53 पर एक स्टील ब्रिज भी है।
पूरे 508 किलोमीटर के कॉरिडोर में 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। इसके लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं। बिजली आपूर्ति और निगरानी के लिए केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था होगी। OHE सिस्टम में बिजली चालू होने के बाद लोगों को इसके नजदीक नहीं जाने और किसी तरह का अनधिकृत काम नहीं करने की सलाह दी गई है।
2027 में शुरू हो सकती है पहली हाई-स्पीड ट्रेन
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसमें 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, आठ गुजरात और चार महाराष्ट्र में। गुजरात के स्टेशन हैं साबरमती, अहमदाबाद, आणंद-नडियाद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा और वापी। महाराष्ट्र में बोइसर, विरार, ठाणे और मुंबई स्टेशन शामिल हैं।
परियोजना के तहत पहली हाई-स्पीड रेल सेवा 2027 में शुरू करने की योजना बताई गई है। शुरुआती सेवा सूरत से वापी के बीच शुरू हो सकती है, जबकि मुंबई तक पूरा कॉरिडोर चरणों में शुरू किया जाएगा। इस परियोजना के लिए भारत में निर्मित बुलेट ट्रेन भी तैयार की जा रही है। इसमें आठ कोच होंगे और करीब 557 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। ट्रेन में दिव्यांग यात्रियों के लिए भी विशेष सुविधाएं रखी गई हैं।
आपको बता दें कि बुलेट ट्रेन परियोजना के साथ देश में सात अन्य हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की भी घोषणा की गई है। इनमें दिल्ली-लखनऊ, दिल्ली-वाराणसी, चेन्नई-बेंगलुरु, मुंबई-पुणे, बेंगलुरु-हैदराबाद, चेन्नई-हैदराबाद और वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी कॉरिडोर शामिल हैं।