बिहार में 40 बड़ी कंपनियां लगा रहीं इंडस्ट्री, अडानी से हल्दीराम तक के प्लांट! जानिए कहां-कहां 23 हजार नौकरियों की उम्मीद

बिहार में 40 बड़ी औद्योगिक इकाइयों में करीब ₹21,600 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव है। अडानी, हल्दीराम, अमूल और ITC की परियोजनाओं से 23 हजार नौकरियों की उम्मीद है। जानिए किन जिलों में लगेंगे प्लांट

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 4:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA) के मुताबिक, उसके औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं।

बिहार में औद्योगिक विकास की तस्वीर बदलने की कोशिश तेज हो रही है। राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में देश की कई बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं। बिहार इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (BIADA) के मुताबिक, उसके औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं। इनमें करीब 21600 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से लगभग 23000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। अडानी पावर से लेकर हल्दीराम, मदर डेयरी, ITC, अमूल और कई बड़ी सीमेंट कंपनियों की परियोजनाएं इस औद्योगिक विस्तार का हिस्सा हैं।

17 जिलों तक पहुंचा औद्योगिक निवेश

BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों के बाहर भी 19 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं या पहले से संचालित हैं। इस तरह राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार कुल 17 जिलों तक पहुंच गया है। इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, बेगूसराय, भागलपुर, मधुबनी, पूर्णिया, बक्सर, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, समस्तीपुर, बांका, अररिया, वैशाली, पश्चिम चंपारण और कैमूर शामिल हैं।


सीमेंट क्षेत्र में अंबुजा सीमेंट की नवादा और मुजफ्फरपुर, अल्ट्राटेक की बांका और भागलपुर तथा जेके लक्ष्मी सीमेंट की मधुबनी में परियोजनाएं शामिल हैं। ऊर्जा क्षेत्र में भागलपुर के पीरपैंती में अदाणी पावर का थर्मल पावर प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इसके निर्माण चरण में करीब 8100 लोगों और संचालन शुरू होने के बाद लगभग 2300 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

हल्दीराम, अमूल और ITC की भी परियोजनाएं

खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में हल्दीराम, मदर डेयरी, ITC, वरुण बेवरेजेस और अमूल से जुड़ी कैरा मिल्क यूनियन की परियोजनाएं शामिल हैं। पेट्रोलियम और ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम का हथुआ में LPG बॉटलिंग प्लांट, मधुबनी में रिलायंस की बायोगैस परियोजना और HPCL रिन्यूएबल की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। टेक्नोलॉजी सेक्टर में पटना में Ctrls और भारती एयरटेल के डेटा सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं प्लास्टिक और पाइप उद्योग में सुप्रीम इंडस्ट्रीज तथा प्रिंस पाइप्स जैसी कंपनियां भी निवेश कर रही हैं।

मक्का, मखाना और डेयरी से जुड़े उद्योगों पर जोर

बिहार में कृषि उत्पादन को उद्योगों से जोड़ने के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में भी निवेश हो रहा है। BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में इस सेक्टर की 13 इकाइयां हैं। खगड़िया में मक्का क्लस्टर और स्टार्च उत्पादन, अररिया में आटा, मैदा और मखाना मिल, मुंगेर में डेयरी प्लांट तथा पटना और बिहटा में नमकीन, बिस्कुट और पेय पदार्थों से जुड़ी इकाइयां शामिल हैं। इन परियोजनाओं से स्थानीय कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को आसपास के क्षेत्रों में ही अपनी उपज के लिए बाजार मिल सकता है और बेहतर कीमत मिलने की संभावनाएं बन सकती हैं।

इथेनॉल के क्षेत्र में मुजफ्फरपुर, बक्सर, बेगूसराय और गोपालगंज में प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं, मधुबनी, मुजफ्फरपुर और पश्चिम चंपारण में कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) परियोजनाएं शामिल हैं। इनसे कृषि अवशेषों का इस्तेमाल ऊर्जा उत्पादन में किया जा सकेगा।

नौ औद्योगिक क्लस्टरों में बंटा बिहार

औद्योगिक विकास को राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए बिहार को नौ औद्योगिक क्लस्टरों में बांटा गया है। इनमें पटना, बिहटा, हाजीपुर, मोतीपुर, दरभंगा, बेगूसराय, पूर्णिया, गया और भागलपुर शामिल हैं। इसका उद्देश्य मिथिलांचल, कोसी-सीमांचल, मगध और भोजपुर जैसे क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। इनके अलावा पंडौल में टेक्सटाइल, बरियारपुर में सोलर मॉड्यूल, सिकंदरपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स और बायोसेंसर, भागलपुर और हाजीपुर में लॉजिस्टिक्स पार्क की योजनाएं हैं। मधुबनी में प्लास्टिक रीसाइक्लिंग पार्क भी प्रस्तावित है।

कई परियोजनाओं में शुरू हुआ उत्पादन

BIADA के मुताबिक, जमीन आवंटन के बाद कुछ औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य चल रहा है जबकि कुछ कंपनियों को जमीन आवंटित होने के बाद अगले चरण की तैयारी है। जमीन, बिजली, सड़क और औद्योगिक नीतियों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने के प्रयास भी निवेश को आगे बढ़ाने में अहम हैं।

यह भी पढ़ें: Surat Bullet Train Station: एयरपोर्ट जैसा लुक, डायमंड थीम और शानदार इंटीरियर! बुलेट ट्रेन के सूरत स्टेशन की पहली झलक

करीब 21600 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और 23000 प्रत्यक्ष रोजगार के अनुमान के साथ बिहार में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।