बनारस के 75 हजार कारीगरों को मिलेगा फायदा, CII खोलेगा डिजाइन और डेवलपमेंट सेंटर

वाराणसी में CII आर्टिजन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करेगा। अगले पांच वर्षों में 75 हजार कारीगरों को बाजार, डिजाइन और कौशल विकास में मदद देने का लक्ष्य है।

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 8:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

उत्तर प्रदेश के वाराणसी यानी बनारस के कारीगरों के लिए अच्छी खबर है। यहां के हस्तशिल्प और पारंपरिक काम से जुड़े कारीगरों को बाजार तक पहुंच, बेहतर डिजाइन और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) आर्टिजन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करेगा। इस पहल के तहत अगले पांच वर्षों में कम से कम 75 हजार कारीगरों को सहयोग देने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र के माध्यम से हर साल 15 हजार कारीगरों को मदद मिलेगी। इसकी शुरुआत अगले महीने होने की योजना है।

CII बनारस बिएनाले के तहत इस केंद्र की स्थापना की जा रही है। CII बनारस बिएनाले के चेयरमैन और जेके सीमेंट के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ माधव सिंघानिया ने बताया कि यह केंद्र वाराणसी के ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने CII को इस पहल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी है। केंद्र का मुख्य फोकस कारीगरों को बाजार से जोड़ने, उन्हें डिजाइन संबंधी मदद देने और उनके भविष्य, कौशल विकास पर रहेगा।

अगले महीने शुरू होगा केंद्र


माधव सिंघानिया के मुताबिक, आर्टिजन डिजाइन एंड डेवलपमेंट सेंटर अगले महीने लॉन्च किया जाएगा। इसके जरिए हर साल 15 हजार कारीगरों तक पहुंचने की योजना है। इस तरह पांच साल में कम से कम 75 हजार कारीगरों को इसका फायदा मिल सकेगा। इस पहल का उद्देश्य कारीगरों को सिर्फ उनके पारंपरिक काम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें बाजार की जरूरतों के अनुरूप डिजाइन और कौशल से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराना है। CII ने इसी आयोजन के तहत 'वाराणसी हेल्दी वीवर्स इनिशिएटिव' यानी बुनकरों के स्वास्थ्य से जुड़ी पहल शुरू करने की भी घोषणा की है।

31 दिसंबर तक चलेगा बनारस बिएनाले

CII पहली बार बनारस बिएनाले का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम 27 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसका उद्घाटन शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस आयोजन को संस्कृति मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है।

CII के अनुसार, यह बिएनाले जीवंत संस्कृति और उसकी निरंतरता को समर्पित दुनिया का पहला आयोजन है। इसकी थीम 'काशी/लाइट: सिटी ऐज सेंसरियम' रखी गई है। इसके जरिए शहर को देखने, सुनने, छूने, याद करने और नए रूप में कल्पना करने के अनुभवों के माध्यम से समझने की कोशिश की जाएगी।

CII का कहना है कि बनारस बिएनाले भारत की जीवंत विरासत को वैश्विक सांस्कृतिक विमर्श के केंद्र में लाने वाली एक दीर्घकालिक पहल की शुरुआत है। माधव सिंघानिया ने यह भी कहा कि दुनिया में पहली बार कोई उद्योग संगठन इस तरह के बिएनाले आयोजन को समर्थन दे रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।