पानी की बोतल बनाने वाली मशहूर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दे दी है। ये मामला पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के एक प्लांट से लिए गए पानी के नमूनों की जांच में फेल होने के बाद सामने आया है। लैब टेस्ट में पानी तय मानकों पर खरा नहीं उतर पाया है। सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपारा गांव में स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूनों में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है।
बिसलेरी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में उसके पानी के नमूने की दो अलग-अलग मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई गई थी। दोनों ही जांच में पानी तय गुणवत्ता मानकों पर सही पाया गया। कंपनी ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) से ये भी अपील की है कि अलग-अलग लैब की जांच रिपोर्ट में अंतर आने की वजह का पता लगाया जाए।
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच और दोबारा की गई जांच, दोनों में बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई। FSSAI की जांच में बिसलेरी के पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज का पानी मिलने, खराब पाइपलाइन या गंदगी के कारण पानी में पहुंच सकते हैं। बिसलेरी भारत में पैकेज्ड पानी के कारोबार की बड़ी कंपनियों में शामिल है। इससे पानी की साफ-सफाई और उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं।
इससे पहले भी मिली गड़बड़ी
जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को बिसलेरी के एक खास बैच (PB 201) की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप में कंपनी के खिलाफ केस चलाने की अनुमति भी दे दी गई है। हाल के दिनों में ये दूसरी बार है, जब नियामक ने बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है। वहीं इस मामले पर कंपनी और FSSAI की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पश्चिम बंगाल के मामले के बाद अब गोवा स्थित बिसलेरी के प्लांट से जुड़ा मामला भी चर्चा में है। कुछ दिन पहले FSSAI ने गोवा प्लांट से लिए गए पानी के नमूनों को लेकर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी थी। इस मामले में शुरुआती जांच के दौरान पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पानी को सेहत के लिए असुरक्षित घोषित किया गया था।
बिसलेरी ने दुबारा जांच की मांग की
बिसलेरी ने जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच की मांग की थी। इसके बाद पानी के सैंपल को दूसरी लैब में भेजा गया, लेकिन वहां भी कुछ हानिकारक रसायन (PAHs) पाए गए। इसके चलते पानी को पीने के लिए सुरक्षित नहीं माना गया और कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। वहीं, बिसलेरी ने कहा था कि उसके प्रोडक्ट पूरी तरह सुरक्षित हैं और वह जांच में अधिकारियों का पूरा सहयोग करेगी।