IMD Weather Update: दक्षिण भारत में भारी बारिश तो उत्तर भारत में कोहरे का कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

IMD के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और घना कोहरा देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट है वहीं उत्तर भारत में कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। आइए जानते हैं कैसा होगा मौसम

अपडेटेड Nov 28, 2026 पर 4:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Heavy Rain: दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है

IMD Weather Update: देशभर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 नवंबर 2026 को मौसम को लेकर नया अपडेट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, घना कोहरा और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों के दौरान देश के ज्यादातर हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना नहीं है।

यहां पर होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, तमिलनाडु और आसपास के इलाकों में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक भी कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


इन राज्यों में चलेंगी तेज हवा

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 29 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। सबसे ज्यादा सतर्कता 30 नवंबर और 1 दिसंबर को बरतने की जरूरत है। इन दो दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

इन राज्यों में होगा घना कोहरा

उत्तर भारत के मौसम की बात करें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में दिसंबर की शुरुआत में मौसम बदल सकता है। IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 2 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम प्रभावित हो सकता है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 4 दिसंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 और 4 दिसंबर को हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी संभावना जताई गई है। राज्य के कुछ हिस्सों में 3 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा रह सकता है।

यूपी-पंजाब में होगा घना कोहरा

सर्दी बढ़ने के साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 30 नवंबर तक कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 2 दिसंबर तक सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, ओडिशा, मेघालय और मणिपुर के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा दर्ज किया गया। इस दौरान पंजाब के अमृतसर और ओडिशा के राउरकेला में दृश्यता घटकर करीब 50 मीटर रह गई।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली में 29 नवंबर को सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, 30 नवंबर को भी सुबह के समय कोहरा और धुंध देखने को मिलेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा, 1 दिसंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

लोगों को सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। वाहन चलाते समय धीमी गति रखें और यात्रा से पहले ट्रेन-फ्लाइट का समय जांच लें। वहीं, किसानों को फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। नवंबर के आखिरी दिनों में दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में बारिश, जबकि उत्तर भारत में घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। हिमाचल और उत्तराखंड में 3-4 दिसंबर को मौसम बदलने के आसार हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।