आज का मौसम 10 जून: बिहार समेत इन 16 राज्यों में भारी बारिश का IMD अलर्ट, महाराष्ट्र से यूपी-बंगाल तक 50kmph स्पीड से आंधी-तूफान

Aaj Ka Mausam for June 10: मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज बिहार और पश्चिम बंगाल समेत देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली विनाशकारी आंधी और तूफान (Thundersquall) का भी अनुमान है

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 9:53 AM
Aaj Ka Mausam for June 10: देश के कई राज्यों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार हैं

Aaj Ka Mausam for June 10: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 10 जून के लिए देशभर के मौसम का बुलेटिन जारी कर दिया है। इसके मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी मजबूत स्थिति में आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, कलबुर्गी, नंद्याल और चेन्नई से होकर गुजर रही है। अगले 4-5 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज बिहार और पश्चिम बंगाल समेत देश के 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली विनाशकारी आंधी और तूफान (Thundersquall) का भी अनुमान है।

इन राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट


IMD के मुताबिक, आज देश के चार प्रमुख हिस्सों में मूसलाधार से बहुत भारी बारिश होने की पूरी आशंका है:-

तटीय कर्नाटक

असम और मेघालय

अरुणाचल प्रदेश

उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम

बिहार-यूपी से दक्षिण भारत तक: यहां होगी भारी बारिश

देश के अन्य 12 क्षेत्रों में भी आज मानसून और प्री-मानसून गतिविधियों के कारण भारी बारिश का पूर्वानुमान है:-

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा।

दक्षिण भारत: केरल और माहे, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक (उत्तरी और दक्षिणी हिस्सा), तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल।

पश्चिमी भारत: कोंकण और गोवा

बिहार और बंगाल में 50-60 किमी/घंटे का थंडरस्कॉल

आज देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली का भयंकर तांडव देखने को मिल सकता है:-

प्रचंड तूफान: बिहार और गांगेय पश्चिम बंगाल में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले खतरनाक थंडरस्कॉल (अचानक आने वाला तेज अंधड़) के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

40-50 किमी/घंटे की रफ्तार वाली आंधी: उत्तर प्रदेश (पूर्वी और पश्चिमी), महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान, कोंकण व गोवा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाड़ु और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में आज तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलेगी।

तेज हवाओं का अलर्ट: केरल एवं माहे, लक्षद्वीप और आंतरिक कर्नाटक में आज दिनभर बहुत तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तर भारत में आज भी लू का सितम

मौसम के इस दोहरे मिजाज के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाके आज भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहेंगे:-

यहां चलेगी लू: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज और कल लू का प्रकोप रहेगा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज लू की स्थिति बनी रहेगी। 11 जून के बाद इस क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जिसके प्रभाव से 12 और 13 जून को तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आएगी और ओलावृष्टि भी होगी। ओडिशा के साथ-साथ कोंकण और गोवा में आज मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रहेगा, जिससे लोग बेहाल रहेंगे।

समुद्र में न जाने की चेतावनी

खराब मौसम और तूफानी हवाओं के चलते मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सख्त हिदायत दी है:-

अरब सागर: सोमालिया और ओमान के तटों के पास 45-55 किमी प्रति घंटे (झोंके 65 किमी/घंटे तक) की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दक्षिण महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक और केरल के तटों पर मौसम बेहद तूफानी (40-50 किमी/घंटे) रहेगा।

बंगाल की खाड़ी: उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके साथ ही मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट, अंडमान सागर और ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटों पर समुद्र के हालात बेहद प्रतिकूल रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।