भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 17 मई के लिए देशव्यापी मौसम अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती परिसंचरण और सक्रिय मौसमी प्रणालियों की वजह से देश के 25 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अनुमान है। आज अंडमान सागर और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश' की चेतावनी दी गई है। जबकि उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने वाला है। मानसून को लेकर राहत भरी खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 3-4 दिनों में बंगाल की खाड़ी के और अधिक हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से बेहतर बनी हुई हैं।
मौसम विभाग (IMD) के मॉर्निंग बुलेटिन के मुताबिक आज देश के एक बड़े हिस्से में मौसमी हलचल तेज रहेगी। दक्षिण और पूर्वी भारत बारिश से सराबोर रहेगा, वहीं उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
यहां होगी बहुत भारी बारिश और बवंडर (Thundersquall) का खतरा
आज अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। अंडमान-निकोबार में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से प्रचंड हवाएं चल सकती हैं।
25 राज्यों में आंधी-तूफान और बिजली का अलर्ट
IMD ने देश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है:-
40-50 किमी/घंटा वाली आंधी: बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, केरल, माहे, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, रायलसीमा और गंगेटिक पश्चिम बंगाल।
30-40 किमी/घंटा वाली हवाएं: असम, मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, कोंकण व गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना और उत्तराखंड।
बिजली की चेतावनी: अरुणाचल प्रदेश में भी बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, माहे, लक्षद्वीप, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।
मानसून 2026: केरल की ओर बढ़ रहे बादल
IMD के बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में 5°N/75°E और 15.5°N/98°E के बीच बनी हुई है। मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों और अंडमान सागर में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। केरल में मानसून के 26 मई तक पहुंचने का अनुमान है।
उत्तर भारत में लू का सितम
एक तरफ बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ उत्तर और मध्य भारत गर्मी से तप रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में आज लू चलने की संभावना है। अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 3-5°C बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश में 19 मई से 22 मई के बीच भीषण लू का अलर्ट दिया गया है।
राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र की ओर से 17 मई के लिए जारी पूरे भारत का वेदर मैप यहां नीचे देखिए
अरब सागर: केरल तट और लक्षद्वीप के पास 60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बंगाल की खाड़ी: मन्नार की खाड़ी, अंडमान सागर और दक्षिण व मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र अशांत रहेगा। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।