आज का मौसम 19 मई: 20 से अधिक राज्यों में 40-60kmph की रफ्तार से अंधड़ और बवंडर, IMD ने इन जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट दिया

Aaj Ka Mausam May 19: राहत की बात यह है कि मानसून अंडमान और निकोबार को पूरी तरह कवर कर आगे बढ़ चुका है और 26 मई तक इसके केरल के तटों पर टकराने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक देश के अलग-अलग कोनों में इस समय कई तरह के साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन एक्टिव हैं

अपडेटेड May 19, 2026 पर 9:13 AM
Story continues below Advertisement
Aaj Ka Mausam May 19: 26 मई तक मानसून से केरल के तटों पर टकराने की प्रबल संभावना है

Aaj Ka Mausam May 19: देशभर में मौसम के दो बेहद अतरंगी और जुदा रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तर और मध्य भारत के लोग जहां आसमान से बरसती आग और झुलसाने वाली लू से बेहाल हैं। वहीं दक्षिण पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के 20 से अधिक राज्यों में आंधी-तूफान, बवंडर और मूसलाधार बारिश का तांडव शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 19 मई के मॉर्निंग बुलेटिन में देश के कई हिस्सों के लिए थंडरस्क्वाल (भीषण अंधड़) और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

राहत की बात यह है कि मानसून अंडमान और निकोबार को पूरी तरह कवर कर आगे बढ़ चुका है और 26 मई तक इसके केरल के तटों पर टकराने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक देश के अलग-अलग कोनों में इस समय कई तरह के साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन एक्टिव हैं। इसके चलते एक तरफ जहां धूलभरी आंधी और भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज का टॉर्चर चरम पर है।

बिहार और बंगाल में 60kmph के थंडरस्क्वाल का अलर्ट


आज सबसे खतरनाक स्थिति पूर्वी भारत में बनने वाली है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि:-

बिहार और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल: इन दोनों राज्यों में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी अंधड़ आने और झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक जाने की आशंका है। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है।

इन जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट

मानसून की रफ्तार तेज होने से कई राज्यों में आज मेघ जमकर बरसेंगे। आईएमडी ने इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट दिया है:-

पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत: बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा।

दक्षिण भारत और द्वीप: केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह।

इन 20 राज्यों में 40-50kmph की रफ्तार वाली आंधी

आज देश के 20 से अधिक राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने के आसार हैं। अंडमान और निकोबार, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, पूरे कर्नाटक, केरल, कोंकण व गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा और तेलंगाना में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

यूपी और एमपी में हीटवेव का टॉर्चर

तूफान और बारिश के बीच, उत्तर और मध्य भारत के लोगों के लिए आज का दिन भट्टी जैसा रहने वाला है:-

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश: इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में आज भीषण लू का प्रकोप रहेगा। पश्चिमी यूपी में रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं, जिससे 24 घंटे चैन नहीं मिलेगा।

यहां भी चलेगी लू: दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, बिहार (कुछ हिस्से), विदर्भ, मारथवाड़ा और तेलंगाना। राजस्थान में भी आज रातें गर्म रहेंगी।

मानसून को लेकर क्या है अपडेट?

दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी तय रफ़्तार से आगे बढ़ रहा है। मानसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल 6°N/70°E से होते हुए 17.5°N/98°E तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के बाकी बचे हिस्सों को भी कवर कर लेगा, जिसके बाद 26 मई (± 4 दिन) को यह केरल पहुंच जाएगा।

समुद्र में जाने पर पाबंदी

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी: केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप और अंडमान सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं। सोमालिया तट के पास हवा की रफ्तार 65 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। मछुआरों को फिलहाल समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।