आज का मौसम 20 मई: IMD का कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बिहार से बंगाल तक खतरनाक थंडरस्क्वाल! इन जगहों पर 50kmph स्पीड का अंधड़
Aaj ka Mausam May 20: मौसम विभाग (IMD) के ताजा सुबह के बुलेटिन के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह के साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ़ लाइन एक्टिव हैं। इसके चलते पूर्वी और दक्षिणी भारत में जहां धूलभरी आंधी और भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज का टॉर्चर चरम पर पहुंच गया है
Aaj ka Mausam May 20: एक बड़े हिस्से में आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश का तांडव शुरू हो गया है
Aaj ka Mausam May 20: देशभर के मौसम में इस समय गजब का विरोधाभास देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां उत्तर और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और जानलेवा लू की भट्टी में झुलस रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ देश के एक बड़े हिस्से में आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश का तांडव शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 मई के मॉर्निंग बुलेटिन में देश के कई राज्यों के लिए थंडरस्क्वाल (भीषण अंधड़) और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राहत की बात यह है कि मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 3-4 दिनों में इसके अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक 26 मई तक मानसून केरल के तटों पर टकरा जाएगा।
IMD के ताजा सुबह के बुलेटिन के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह के साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ़ लाइन एक्टिव हैं। इसके चलते पूर्वी और दक्षिणी भारत में जहां धूलभरी आंधी और भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सूरज का टॉर्चर चरम पर पहुंच गया है।
बिहार, झारखंड और बंगाल समेत 5 राज्यों में 60kmph का खतरनाक बवंडर (Thundersquall)
आज पूर्वी, मध्य और तटीय भारत के राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा आक्रामक रुख अपनाने वाला है। आईएमडी ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि:-
बिहार, झारखंड और गंगा तटीय पश्चिम बंगाल: इन तीनों राज्यों में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी अंधड़ आने और बिजली कड़कने की पूरी आशंका है। हवा के झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकते हैं।
ओडिशा और आंध्र प्रदेश: तटीय आंध्र प्रदेश, यनाम, रायलसीमा और ओडिशा में भी 20 मई को बवंडर जैसी स्थिति रहेगी और तेज अंधड़ के साथ मौसम बिगड़ेगा।
केरल, तमिलनाडु और इन जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट
मानसूनी सिस्टम के मजबूत होने से 20 मई को दक्षिण भारत और कुछ द्वीपों में मेघ जमकर बरसेंगे। मौसम विभाग ने इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट दिया है:-
मुख्य प्रभावित इलाके: केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में आज भारी बारिश होने के पूरे आसार हैं।
कई राज्यों में 40-50kmph की रफ्तार वाली आंधी
अंधड़ और मूसलाधार बारिश के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बिजली कड़कने का अलर्ट जारी किया गया है:-
अंडमान और निकोबार, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, केरल, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और तेलंगाना में आज 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से धूलभरी हवाएं चलेंगी।
वहीं, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में 30-40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में भी आज बिजली कड़कने के साथ आंधी का अलर्ट है।
यूपी, दिल्ली और पंजाब में खतरनाक हीटवेव का अलर्ट
एक तरफ जहां आधा देश आंधी-बारिश से जूझ रहा है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में आसमान से बरसती आग लोगों को झुलसा रही है:-
उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश: इन दोनों राज्यों के कई हिस्सों में आज भीषण लू का प्रकोप रहेगा। इसके साथ ही यूपी, एमपी और विदर्भ में आज रातें भी बेहद गर्म रहने वाली हैं, जिससे 24 घंटे चैन नहीं मिलेगा।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा: दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में आज भयंकर लू का कहर रहेगा, जिसमें कुछ पॉकेट्स में सीवियर हीटवेव दर्ज की जा सकती है।
यहां भी चलेगी लू: राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और मारथवाड़ा में भी आज लू की स्थिति बनी रहेगी।
समुद्र में जाने पर पाबंदी, मछुआरों को चेतावनी
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी: केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप, मन्नार की खाड़ी और अंडमान सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी/घंटा) की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं। सोमालिया तट के पास हवा की रफ़्तार 65 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। मछुआरों को फिलहाल समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।