आज का मौसम 11 जून: इन 20 से अधिक राज्यों में IMD ने जारी किया भारी बारिश, अंधड़ का अलर्ट! दिल्ली-NCR से यूपी-बिहार तक ऐसा रहेगा वेदर
Aaj Ka Mausam: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और मानसूनी हवाओं के आपस में टकराने की वजह से देश के 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, ओले गिरने और 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले विनाशकारी आंधी-तूफान का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियों का मिलाजुला असर है
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 9:19 AM
Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब और हरियाणा में बवंडर जैसी स्थिति बन रही है
Aaj Ka Mausam: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 11 जून के लिए देश भर के मौसम के पूर्वानुमान का अपना वेदर बुलेटिन जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और मानसूनी हवाओं के आपस में टकराने की वजह से देश के 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, ओले गिरने और 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले विनाशकारी आंधी-तूफान का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियों का मिलाजुला असर है। इसके चलते दिल्ली-NCR, यूपी, पंजाब और हरियाणा में बवंडर जैसी स्थिति बन रही है। वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में मेघ बरसने के लिए तैयार हैं।
पहले मानसून की ताजा स्थिति जानिए, कहां तक पहुंचा?
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय हरनाई, सोलापुर, कलबुर्गी, नंद्याल और चेन्नई से होकर गुजर रही है। अगले 3-4 दिनों के भीतर मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु के बचे हुए हिस्सों, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ और भागों में आगे बढ़ने के लिए स्थितियां बेहद अनुकूल बनी हुई हैं।
प्रचंड आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में आज प्रकृति का सबसे रौद्र रूप देखने को मिल सकता है, जिसके लिए आईएमडी ने हाई अलर्ट जारी किया है:-
80 किमी/घंटे की रफ्तार से बवंडर: दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में आज 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से थंडरस्कॉल (प्रचंड आंधी) आएगी। ये झोंकों में बढ़कर 80 किमी प्रति घंटे की विनाशकारी रफ्तार पकड़ सकती है।
भारी ओलावृष्टि: आंधी के साथ-साथ दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।
धूलभरी आंधी: उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मैदानी भागों में आज गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी चलने की भी आशंका है।
इन राज्यों में बेहद भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के बुलेटिन और वेदर मैप के मुताबिक आज देश के 5 राज्यों/क्षेत्रों में मूसलाधार से बेहद भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है:-
केरल और माहे (यहां अलग-अलग हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है)
ओडिशा
असम और मेघालय
अरुणाचल प्रदेश
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम
बिहार, झारखंड सहित इन राज्यों में भी बरसेगा पानी
मूसलाधार बारिश के अलावा नीचे दिए गए देश के कई अन्य दूसरे हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है:-
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत: बिहार, गांगेय पश्चिम बंगाल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह।
दक्षिण भारत: तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाड़ु, पुडुचेरी और कराईकल।
पश्चिमी भारत: कोंकण, गोवा और लक्षद्वीप।
इसके साथ ही बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गांगेय पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आज 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान का हाल: लू से मिलेगी मुक्ति
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर-पश्चिम भारत के लोगों के लिए आज राहत की खबर है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आने की संभावना है, जिससे भीषण लू का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। देश के मैदानी इलाकों में सिर्फ पश्चिमी राजस्थान के कुछ चुनिंदा हिस्सों में ही आज लू की स्थिति बनी रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, कोंकण एवं गोवा और ओडिशा के तटीय इलाकों में आज भी मौसम गर्म और भारी उमस वाला बना रहेगा।