कर्नाटक में डी के शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनका शपथ ग्रहण कब होगा। कुछ रिपोर्ट्स में 1 जून या 3 जून की तारीख बताई जा रही थी, लेकिन News18 Kannada के सूत्रों के मुताबिक, उनके ज्योतिषियों ने 5 जून का “अभिजीत मुहूर्त” सबसे शुभ बताया है।
बताया जा रहा है कि ज्योतिषी बीपी आराध्य की सलाह पर डी के शिवकुमार 5 जून को दोपहर 12:30 बजे शपथ ले सकते हैं। यह समय अभिजीत लग्न के दौरान पड़ता है, जिसे बेहद शुभ माना जाता है।
उनके एक और ज्योतिषी राजगुरु द्वारकनाथ गुरुजी ने दावा किया कि उन्होंने काफी पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि डीके शिवकुमार एक दिन मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने 4 या 5 जून का समय शपथ ग्रहण के लिए सुझाया था।
अभिजीत मुहूर्त क्या होता है?
5 जून को यह शुभ समय दोपहर 12 बजे से 12:48 बजे तक रहेगा। हिंदू मान्यताओं में इसे सफलता, विजय और शुभ कार्यों के लिए बेहद अच्छा समय माना जाता है। इस दौरान नए काम शुरू करना, पूजा करना, बिजनेस या महत्वपूर्ण फैसले लेना शुभ माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार के सरकारी आवास कुमारकृपा गेस्ट हाउस का प्रवेश द्वार भी ज्योतिषीय सलाह पर बदला जा सकता है। कहा जा रहा है कि मौजूदा एग्जिट गेट को एंट्री गेट बनाया जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह विधान सौधा की ग्रैंड सीढ़ियों पर आयोजित करने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार के साथ कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
कुछ सूत्रों का कहना है कि 7 वरिष्ठ विधायक मंत्री बनेंगे, जबकि कुछ अन्य रिपोर्ट्स में 12 से 13 नए मंत्रियों के शपथ लेने की बात कही गई है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि डी के शिवकुमार की सफलता के पीछे उनकी गहरी धार्मिक आस्था को भी कारण माना जाता है। वह उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला स्थित आंदले जगदीश्वरी मंदिर में नियमित रूप से दर्शन करते रहे हैं।
2019 में कानूनी और राजनीतिक मुश्किलों के दौरान भी उन्होंने मंदिर जाकर पूजा की थी। उनके करीबी मानते हैं कि उसके बाद उनकी राजनीतिक स्थिति मजबूत हुई और बाद में वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने।
हालांकि, खुद डी के शिवकुमार ने फिलहाल कहा है कि नई कैबिनेट और शपथ ग्रहण की तारीख पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी और पार्टी हाईकमान से चर्चा के बाद ही फैसला लिया जाएगा।