अभिषेक बनर्जी के साथ प्रॉपर्टी में जॉइंट नाम? TMC सांसद बोलीं- मैं वो वाली सायोनी घोष नहीं! पूरा माजरा जानिए

Abhishek Banerjee-Sayani Ghosh News: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेतृत्व वाले कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) ने ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कई संपत्तियों को लेकर नोटिस जारी किया है। इस बीच अभिषेक और सायोनी घोष की एक खबर आई है जो चौंकाने वाली है

अपडेटेड May 20, 2026 पर 1:20 PM
Story continues below Advertisement
Abhishek Banerjee-Sayani Ghosh Flat: अभिषेक बनर्जी और सायोनी घोष की एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है

Abhishek Banerjee-Sayani Ghosh Flat: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेतृत्व वाले कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कई संपत्तियों को नोटिस जारी कर जांच के लिए स्वीकृत भवन योजनाओं और संबंधित दस्तावेजों की मांग की है। यह घटनाक्रम पश्चिम बंगाल में BJP के सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद हुआ, जिसने 2011 से राज्य पर शासन कर रही TMC को करारी शिकस्त दी। इस बीच एक और खबर आई है जो चौंकाने वाली है।

दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अभिषेक बनर्जी की प्रॉपर्टी में TMC सांसद सायोनी घोष का नाम है। ये खबर वायरल होने के बाद टीएमसी सांसद सायोनी घोष की सफाई आ चुकी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर इन खबरों को खारिज कर दिया है।

सायोनी घोष ने लिखा, "अभी-अभी कुछ फॉरवर्ड्स देखे जिनमें कहा गया है कि अभिषेक बनर्जी और सायनी घोष नाम के दो लोग मिलकर एक प्रॉपर्टी के मालिक हैं, जिसका पता है 19 D Seven Tanks Road, Kolkata 700030, और संपर्क के लिए कोई मोबाइल नंबर भी नहीं दिया गया है।"


उन्होंने कहा, "मैं यह तो नहीं कह सकती कि यह कौन है, लेकिन यह पक्का वह सायनी घोष नहीं है जिसने एक साधारण पृष्ठभूमि से शुरुआत की थी और जिसे आज तक राजनीति से कोई अचानक बड़ा फायदा नहीं हुआ है। लोगों ने बस मुझे अपना आशीर्वाद दिया है और मैं उनकी आभारी हूं।"

घोस ने आगे कहा, "मैं चाहती हूं कि मेरे वोटर यह जान लें कि मेरी सारी संपत्ति मेरे चुनावी हलफनामे में घोषित की जा चुकी है। आप रिकॉर्ड्स की जाँच कर सकते हैं। जो लोग बिना किसी सबूत के मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, अभी रुक जाएं।"

TMC सांसद ने यह भी कहा, "कृपया जान लें कि मैं एक इंच भी पीछे नहीं हटूंगी। मैं इस बात को यूं ही जाने नहीं दूंगी। झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह 'घोष' किसी के दबाव में आने वाली नहीं है।"

क्या है पूरा मामला?

कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार के सदस्यों और एक कंपनी के स्वामित्व वाली या उनसे जुड़ी 17 से 21 संपत्तियों के संबंध में नोटिस भेजे गए हैं। यह इसलिए भेजा गया है ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि इन स्थलों पर निर्माण निगम द्वारा अनुमोदित स्वीकृत नक्शों के अनुरूप है या नहीं।

नगर मामलों और शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि टीएमसी में नंबर 2 माने जाने वाले बनर्जी कानून से ऊपर नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं से जुड़ी कथित अवैध संपत्तियों की पहचान कर ली है।

नगर निगम द्वारा जारी किए गए नोटिसों का हवाला देते हुए पॉल ने आरोप लगाया कि बनर्जी, उनके परिवार और लीव्स एंड बाउंड्स कंपनी से जुड़ी कई संपत्तियां जांच के दायरे में आ गई हैं। उन्होंने कहा, "नक्शे लेकर आइये। अन्यथा, हम कार्रवाई करेंगे। आप कानून से ऊपर नहीं हैं।" इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कथित तौर पर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देशों के बाद नोटिस जारी किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, जांच के दायरे में आने वाली संपत्तियों में 188A हरीश मुखर्जी रोड स्थित बनर्जी का आवास, कालीघाट रोड पर स्थित एक निकटवर्ती इमारत और प्रेमेंद्र मित्रा सरानी, ​​पंडितिया रोड और उस्ताद आमिर खान सरानी जैसे स्थानों पर स्थित कई अन्य परिसर शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- बंगाल चुनाव में काबा-मदीना गाने वाली सायोनी घोष फिर चर्चा में, TMC सांसद के सिर पर एक करोड़ का इनाम क्यों?

सूत्रों के अनुसार, नोटिस में स्वीकृत भवन योजनाओं और निर्माण कार्य से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई है। साथ ही यह स्पष्टीकरण भी मांगा गया है कि लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं सहित संरचनाओं में परिवर्धन या संशोधन के लिए अनिवार्य अनुमतियां ली गई थीं या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।