Muzaffarpur Hospital Fire: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके के एक होटल में लगी भीषण आग के ठीक एक दिन बाद, गुरुवार तड़के बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित एक अस्पताल में आग लग गई। इस हादसे में करीब 3 मरीजों की मौत हो गई और 15 से अधिक लोग घायल हो गए। माना जा रहा है कि यह आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और ICU में तेजी से फैल गई, जहां कई गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि यह आग प्रसाद हॉस्पिटल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू (ICU) में लगी और देखते ही देखते आग की लपटे इतनी तेज हो गई कि अस्पताल के कई हिस्सों में घना धुआं तेजी से भर गया। जिससे मरीजों, उनके साथ आए लोगों और मेडिकल स्टाफ में दहशत फैल गई।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और सर्च ऑपरेशन में दमकल विभाग की टीमें जुटी हैं। वहीं, स्थानीय पुलिस से लेकर जिला प्रशासन के लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं।
भीषण अग्निकांड से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आईसीयू में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार सुनाई देने लगी। अस्पताल के कर्मियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन धुआं तेजी से पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। जब तक बचाव का काम होता, तब तक कई लोगों की जान चली गई थी।
मुजफ्फरपुर के जिला मजिस्ट्रेट सुब्रत कुमार सेन ने बताया, “आईसीयू में लगभग 13 मरीज थे और कुछ अन्य को सीसीयू में भर्ती कराया गया था। अब तक तीन मौतों की पुष्टि हो चुकी है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।”