Ahmedabad Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एक बड़ा हवाई हादसा हुआ है। अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एयर इंडिया विमान क्रैश हो गया। ये विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरा था। एयर इंडिया के विमान AI-171 में यात्री और क्रू मेंबर सहित कुल 242 लोग सवार थे। इस बड़े हादसे में 130 से ज्यादा लोगों को मरने की खबर सामने आई है।
वहीं इस विमान हादसे के बाद एयर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से अपनी डीपी और बैकग्राउंड पिक्चर हटा दी है। एयर इंडिया ने अपने लोगो को ब्लैक कर दिया है।
इस विमान ने गुरुवार दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी और दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। वहीं हादसे के वक्त विमान में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया का विमान AI-171 बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर था।
टेकऑफ के तुरंत बाद हुआ हादसा
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के मुताबिक, "एयर इंडिया का विमान दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद संकट (मेडे) सिग्नल भेजा गया। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। विमान 625 फीट बैरोमीटरिक ऊंचाई तक पहुंच गया था और फिर यह -475 फीट प्रति मिनट की वर्टिकल स्पीड के साथ नीचे उतरना शुरू हो गया।"
DGCA के मुताबिक, "हादसे का शिकार हुए इस विमान के कमांड में मौजूद पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल के पास 8,200 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव था, जबकि सह-पायलट क्लाइव कुंदर ने अब तक करीब 1,100 घंटे की उड़ान भरी थी। घटना के बाद राहत और बचाव के लिए गांधीनगर से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की तीन टीमें मौके पर भेजी गईं। इसके अलावा वडोदरा से भी तीन और टीमें बचाव में सहायता के लिए रवाना की गईं, यानी कुल छह टीमें राहत कार्य में लगी हैं।"
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की है और दुर्घटना की जानकारी ली। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मंत्री को तत्काल सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहने को कहा है। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और डीजीपी से बात की है। उन्होंने विमान दुर्घटना की प्राथमिक जानकारी ली। अमित शाह ने हर संभव मदद का भरोसा दिया है।