'हादसा होते-होते बचा...', चेन्नई में एयर इंडिया फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, सांसद केसी वेणुगोपाल ने सुनाई आपबीती

Air India Flight Emergency Landing: कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'हमारी पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान दिल दहला देने वाला पल आया जब उसी रनवे पर पहले से ही एक और विमान मौजूद था। हालांकि कैप्टन के तुरंत विमान को ऊपर उठाने के फैसले ने सभी की जान बचा ली। दूसरी कोशिश में फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड हो गई

अपडेटेड Aug 11, 2025 पर 8:32 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फ्लाइट में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य सांसद सवार थे

Air India Flight: तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को रविवार शाम तकनीकी खराबी के कारण चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह फ्लाइट दो घंटे से अधिक समय तक हवा में रही, जिसके बाद इसने चेन्नई हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। फ्लाइट में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य सांसद सवार थे। इस इमरजेंसी परिस्थिति के बाद केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने X पर लिखा कि यह अनुभव 'त्रासदी के बहुत करीब' था।

क्या-क्या बताया सांसद वेणुगोपाल ने

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया, 'देरी से शुरू हुई उड़ान एक डरावनी यात्रा में बदल गई। टेक-ऑफ के तुरंत बाद, हमें भयानक टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे बाद कैप्टन ने एक फ्लाइट सिग्नल फॉल्ट की घोषणा की और विमान को चेन्नई की ओर मोड़ दिया'। उन्होंने आगे लिखा, 'लगभग दो घंटे तक हम लैंडिंग की अनुमति का इंतजार करते हुए एयरपोर्ट के चक्कर काटते रहे। हमारी पहली लैंडिंग की कोशिश के दौरान दिल दहला देने वाला पल आया जब उसी रनवे पर पहले से ही एक और विमान मौजूद था।'


वेणुगोपाल ने कैप्टन की तारीफ करते हुए कहा कि उस पल में कैप्टन के तुरंत विमान को ऊपर उठाने के फैसले ने सभी की जान बचा ली। दूसरी कोशिश में फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड हो गई। उन्होंने जोर देकर कहा, 'हवाई यात्रा के समय यात्री सुरक्षा केवल किस्मत पर निर्भर नहीं हो सकती।'

एयर इंडिया ने जारी किया बयान

एयरलाइन ने एक बयान जारी कर कहा कि 10 अगस्त को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI 2455 के क्रू ने 'संदिग्ध तकनीकी समस्या और मार्ग में मौसम की स्थिति' के कारण एहतियाती तौर पर विमान को चेन्नई की ओर मोड़ दिया था। एयर इंडिया ने बताया कि विमान चेन्नई में सुरक्षित उतर गया और अब इसकी जांच की जाएगी। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक जल्द से जल्द पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।