Air India Flight: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान के भयानक हादसे के बाद से पायलट विमानों को लेकर काफी सतर्क रह रहे हैं। ताजा मामला लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का है जहां एक पायलट ने उड़ान भरने से इनकार कर दिया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 193 में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद विमान में अफरातफरी का माहौल बन गया। यह फ्लाइट सुबह 8:45 बजे दुबई के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन पायलट ने जैसे ही इंजन स्टार्ट किया कुछ तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तत्काल उड़ान भरने से इनकार कर दिया।
एयरलाइन की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि कुछ यात्रियों को तत्काल रिफंड कर दिया गया है। वहीं अन्य यात्रियों को पास के होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है। तकनीकी टीम विमान की खराबी को ठीक करने में जुटी हुई है और जल्द ही यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है। फ्लाइट में सवार कई यात्री अपने ट्रैवल प्लानिंग को लेकर चिंतित दिखाई दिए, लेकिन एयरलाइन द्वारा की गई त्वरित व्यवस्थाओं से स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।
160 यात्री और 8 क्रू मेंबर थे सवार
लखनऊ से दुबई के लिए उड़ान भरने वाले विमान में 160 यात्री और 8 क्रू मेंबर सहित कुल 168 लोग सवार थे। पायलट को खराबी का एहसास होते ही तुरंत एयरलाइन अधिकारियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया। इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतारा गया।
फिलहाल, एयर इंडिया एक्सप्रेस और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) की टीम इस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है। इस उड़ान के रद्द होने से हवाई अड्डे पर अन्य सामान्य उड़ानों का संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है।