Air India Flight: कोच्चि से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 504 को रविवार की शाम कोच्चि हवाई अड्डे पर टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा। दरअसल उड़ान से पहले विमान में अचानक एक तकनीकी खराबी का पता चला, जिसके बाद पायलटों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को तुरंत रनवे पर रोक दिया और उसे वापस बे (पार्किंग एरिया) में ले आए। फ्लाइट में कांग्रेस सांसद हिबी ईडन और जेबी माथेर भी थे, जिन्होंने सोशल मीडिया पर इस घटना के बारे में बताया। ईडन ने फेसबुक पर लिखा कि ऐसा लगा जैसे विमान 'रनवे पर फिसल गया', जबकि माथेर ने कहा कि पायलट ने बाद में घोषणा की कि विमान का इस्तेमाल आगे की यात्रा के लिए नहीं किया जा सकता है।
विमान को यात्रा के लिए घोषित किया गया अयोग्य
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के अधिकारियों के अनुसार, विमान में तकनीकी समस्या के बाद उसे यात्रा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया, और यात्रियों के लिए एक नया विमान तुरंत उपलब्ध कराया गया। एयर इंडिया ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि चालक दल ने स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन करते हुए ऐसा किया।
तकनीकी खराबी की घटनाओं में वृद्धि
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एयर इंडिया में तकनीकी खराबी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में 16 अगस्त को इसी वजह से मिलान-दिल्ली फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। अगस्त की शुरुआत में भुवनेश्वर-दिल्ली फ्लाइट को केबिन के तापमान बढ़ने के कारण कैंसिल किया गया था। हाल के दिनों में हो रही ऐसी घटनाएं हवाई यात्रियों के बीच चिंता का विषय बनी हुई हैं।