Air India Pilot: नशे में उड़ान भरने जा रहा था एयर इंडिया का पायलट, वैंकूवर एयरपोर्ट पर 'अल्कोहल टेस्ट' में हुआ फेल

Air India Pilot: पायलट की इस लापरवाही का पता एक छोटे से वाकये से चला। दरअसल वैंकूवर एयरपोर्ट के ड्यूटी-फ्री स्टोर पर तैनात एक कर्मचारी ने देखा कि बोइंग 777 का यह पायलट वहां दी जा रही 'हॉलिडे वाइन' की चुस्कियां ले रहा था और शराब खरीदते समय उसके शरीर से शराब की गंध आ रही थी

अपडेटेड Jan 01, 2026 पर 11:12 AM
Story continues below Advertisement
पायलट को कुछ दिनों बाद दिल्ली लाया गया, जहां एयर इंडिया और (DGCA) दोनों इस मामले की जांच कर रहे हैं

Air India Pilot Detained: क्रिसमस और नए साल के जश्न का खुमार एयर इंडिया के एक पायलट पर भारी पड़ गया। वैंकूवर से दिल्ली जाने वाली उड़ान (AI- 186) से ठीक पहले, एक पायलट को नशे की हालत में होने के संदेह में हिरासत में ले लिया गया। इस घटना के कारण विमान को करीब दो घंटे की देरी से उड़ान भरनी पड़ी।

कैसे खुला राज?

यह घटना 23 दिसंबर की है। पायलट की इस लापरवाही का पता एक छोटे से वाकये से चला। दरअसल वैंकूवर एयरपोर्ट के ड्यूटी-फ्री स्टोर पर तैनात एक कर्मचारी ने देखा कि बोइंग 777 का यह पायलट वहां दी जा रही 'हॉलिडे वाइन' की चुस्कियां ले रहा था और शराब खरीदते समय उसके शरीर से शराब की गंध आ रही थी। कर्मचारी ने तुरंत कनाडाई अधिकारियों को इसकी सूचना दी। जब पायलट का 'ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट' किया गया, तो वह उसमें फेल हो गया।


2 घंटे की देरी से उडी फ्लाइट

चूंकि यह एक 'अल्ट्रा लॉन्ग हॉल' फ्लाइट थी, इसलिए इसमें चार पायलटों की टीम मौजूद थी। पायलट के हिरासत में लिए जाने के बाद एयर इंडिया ने तुरंत एक दूसरे पायलट की व्यवस्था की। फ्लाइट अपने निर्धारित समय से करीब 2 घंटे की देरी से स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे रवाना हुई। यह फ्लाइट वियना होते हुए दिल्ली पहुंची।

एयर इंडिया और DGCA का सख्त रुख

विमानन कंपनी ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। पायलट को कुछ दिनों बाद दिल्ली लाया गया, जहां एयर इंडिया और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) दोनों इस मामले की जांच कर रहे हैं। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, 'हम नियमों के उल्लंघन के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हैं। संबंधित पायलट को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है।'

आपको बता दें कि DGCA के प्रोटोकॉल के अनुसार, किसी भी पायलट को उड़ान से कम से कम 12 से 24 घंटे पहले शराब का सेवन करने की अनुमति नहीं होती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।