10 सितंबर को किया था चेक-इन...अंदर से बंद था कमरा, दिल्ली के होटल में पायलट की संदिग्ध हालत में मौत

दिल्ली के वसंत कुंज में एयर इंडिया के एक पायलट की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मुंबई के रहने वाले पायलट बोइंग 787 की ट्रेनिंग के लिए दिल्ली आए थे और 10 सितंबर को होटल में रुके थे। अगले दिन वह अपने कमरे में बेहोश मिले। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक उनकी मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है

अपडेटेड Sep 12, 2026 पर 10:31 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पायलट कमरे के अंदर बेहोशी की हालत में मिले

दिल्ली के वसंत कुंज इलाके से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। वसंत कुंज इलाके के एक होटल में एयर इंडिया के एक पायलट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक एयरलाइन में कैप्टन के तौर पर काम कर रहे थे। पुलिस और एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, पायलट लेओवर के दौरान एक होटल में ठहरे हुए थे। होटल के कमरे में उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

होटल में पाए गए बेहोश

एयरलाइन अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई के रहने वाले पायलट बोइंग 787 की कन्वर्जन ट्रेनिंग के सिलसिले में दिल्ली पहुंचे थे और 10 सितंबर को वसंत कुंज के एक होटल में ठहरे थे। अगले दिन शाम को वह अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिले। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक पायलट इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ काम कर चुके थे और कुछ महीने पहले ही एयर इंडिया में शामिल हुए थे। वह दिल्ली में ट्रेनिंग के लिए आए हुए थे और शनिवार सुबह उन्हें एक फ्लाइट की कमान संभालनी थी।


भाई ने किया कॉन्टैक्ट

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को वसंत कुंज नॉर्थ थाने में एक होटल में ठहरे व्यक्ति की तबीयत खराब होने के बारे में एक PCR कॉल आई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पायलट कमरे के अंदर बेहोशी की हालत में मिले। बताया गया कि उनके भाई ने कई बार फोन किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने होटल मैनेजर से संपर्क किया। मैनेजर ने मास्टर चाबी की मदद से कमरे का दरवाजा खोला, जहां पायलट बेहोश मिले। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने क्राइम टीम को होटल भेजा और मामले से जुड़े सबूत जुटाए। पायलट का पोस्टमॉर्टम 12 सितंबर को सफदरजंग अस्पताल में कराया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। लेकिन, मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम की अंतिम मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

एयर इंडिया ने पायलट के निधन पर गहरा दुख जताया है। एयरलाइन ने कहा कि वह इस मुश्किल समय में पायलट के परिवार के लगातार संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद और सहयोग प्रदान कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।