हॉस्‍टल में लगी भयंकर आग और जान बचाकर कूदते छात्र...अहमदाबाद प्लेन क्रैश का नया खौफनाक वीडियो आया सामने

Air India Plane Crash Video : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बीजे मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र अपनी जान बचाने के लिए चादरों और कपड़ों की रस्सी बनाकर हॉस्टल की बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे हैं। जब विमान हॉस्टल की इमारत से टकराया तो वहां मौजूद ट्रेनी डॉक्टरों ने घबराहट में तेजी से कपड़े बांधे और दूसरी-तीसरी मंजिल से नीचे कूदने लगे

अपडेटेड Jun 17, 2025 पर 4:14 PM
Story continues below Advertisement
अहमदाबाद प्लेन क्रैश का नया खौफनाक वीडियो आया सामने

Air India Plane Crash Video : अहमदाबाद में बीते हफ्ते हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद का एक नया और डरावना वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में रह रहे छात्र डर और अफरातफरी के बीच अपनी जान बचाने के लिए बालकनी से कूदते नजर आ रहे हैं। हादसे के वक्त विमान में 242 यात्री सवार थे और टक्कर के बाद वहां चीख-पुकार मच गई थी, साथ ही काले धुएं का गुबार भी आसमान में फैल गया था।

सामने आया डरावना वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा गया कि कैसे बीजे मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र अपनी जान बचाने के लिए चादरों और कपड़ों की रस्सी बनाकर हॉस्टल की बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे हैं। जब विमान हॉस्टल की इमारत से टकराया तो वहां मौजूद ट्रेनी डॉक्टरों ने घबराहट में तेजी से कपड़े बांधे और दूसरी-तीसरी मंजिल से नीचे कूदने लगे ताकि किसी तरह खुद को सुरक्षित कर सकें।


हादसे में गई 270 लोगों की जान

एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 ने  बीते गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद बड़ा हादसा हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जिनमें यात्री और क्रू मेंबर शामिल थे। हादसे में सिर्फ एक यात्री ही जिंदा बच पाया। इसके अलावा, ज़मीन पर मौजूद करीब 30 लोग भी विमान की आग की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। टेकऑफ के लगभग पांच मिनट बाद एयर इंडिया का विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल मेस से टकरा गया, जहां दोपहर 1:43 बजे कई छात्र खाना खा रहे थे। इस दर्दनाक हादसे में कई मेडिकल छात्रों की भी जान चली गई।

बदला गया फ्लाइट नंबर

बता दें कि, 12 जून के भयानक हादसे के बाद यह अहमदाबाद से लंदन के लिए दूसरी सीधी उड़ान थी। 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एआई-171 क्रैश हो गया था, इस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी। वहीं हादसे के बाद फ्लाइट का नंबर भी बदल दिया गया था। अब इस फ्लाइट को एआई-171 की जगह एआई-159 का नाम दिया गया है। इस फ्लाइट का नंबर बदलने का बाद भी आज यानी 17 जून को उसकी उड़ान रद्द करनी पड़ी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।