Airline Charges: फ्लाइट में सफर करने वाले करोड़ों भारतीय यात्रियों के लिए एक ऐसी खबर आई है जो उनकी जेब पर असर डाल सकता है। कुछ दिन पहले सरकार ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि अब यात्री फ्लाइट की अधिकतर सीट फ्री में चुन सकेंगे। इस फैसले से लोगों के चेहरे पर खुशी थी। लोगों को लग रहा था कि अब वे चेक-इन के समय लगने वाले फालतू के खर्चों से छुटकारा पा सकेंगे।
लेकिन सरकार ने गुरुवार को एयरलाइंस को दिए गए अपने इस आदेश पर फिलहाल रोक लगा दी है, जिसमें उन्हें 20 अप्रैल से किसी भी उड़ान में कम से कम 60% सीटें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराने के लिए कहा गया था। यह जानकारी सूत्रों के अनुसार दी गई है।
18 मार्च को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया था कि DGCA को निर्देश दिए गए हैं कि एयरलाइंस हर उड़ान में कम से कम 60% सीटों का चयन यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के करने दें, ताकि सभी यात्रियों को बराबर सुविधा मिल सके।
“फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस और अकासा एयर से मिले सुझाव के आधार पर मामले की फिर से समीक्षा की गई। इसमें बताया गया कि इस नियम से एयरलाइंस के कामकाज और कमाई पर असर पड़ सकता है, जैसे टिकट की कीमतों में बदलाव और मौजूदा किराया सिस्टम के साथ तालमेल बैठाने में दिक्कत।”
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने DGCA को भेजे गए एक संदेश में कहा, "उपरोक्त बातों को ध्यान में रखते हुए और इस मुद्दे की विस्तार से जांच होने तक, यह निर्णय लिया गया है कि कम से कम 60% सीटें मुफ्त में उपलब्ध कराने से संबंधित प्रावधान को अगले आदेश तक स्थगित रखा जाएगा।"
फिलहाल, 20% सीटें मुफ्त में बुक की जा सकती हैं, जबकि बाकी सीटों के लिए पेमेंट करना होगा।
ट्रैवल इंडस्ट्री के एक अधिकारी ने पिछले सप्ताह कहा था कि आम तौर पर एयरलाइनें सीट चुनने के लिए 200 रुपये से 2,100 रुपये तक का चार्ज करती हैं। यह कीमत सीट की जगह पर निर्भर करती है, जैसे आगे की सीटें या ज्यादा लेगरूम वाली सीटें।