पंजाब के अमृतसर के मजीठा रोड बाईपास इलाके में मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुए शक्तिशाली विस्फोट में एक संदिग्ध आतंकवादी मारा गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट में व्यक्ति के हाथ उड़ गए। शुरुआत में इसे विस्फोटक सामग्री के गलत इस्तेमाल का मामला माना गया, लेकिन अब अधिकारी आतंकी पहलू की जांच कर रहे हैं। जोरदार धमाके से घबराए स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पहले तो पुलिस ने बदमाशों या आतंकवादियों के शामिल होने की आशंका से इनकार किया और शक जताया कि वह व्यक्ति - जो शायद एक कबाड़ व्यापारी है, मेटल के कचरे के बीच मिले एक पुराने बम को नष्ट करने की कोशिश कर रहा था, जो इस दौरान फट गया।
घायल व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, बाद में एक सरकारी प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि व्यक्ति एक "संदिग्ध आतंकवादी" है।
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विस्फोट में घायल हुए व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अमृतसर ग्रामीण) मनिंदर सिंह ने कहा कि विस्फोट विस्फोटक उपकरण के गलत इस्तेमाल के कारण होने का शक है।
SSP अमृतसर ग्रामीण मनिंदर सिंह ने कहा, "हमें सुबह सूचना मिली कि यहां विस्फोट हुआ है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है...आम तौर पर सुनसान इलाके में हमने पहले भी देखा है कि राष्ट्र विरोधी तत्व अपना माल लेने आते हैं। हमें शक है कि वह उन आरोपियों में से एक है, जो माल लेने आया था और विस्फोटक को ठीक से न संभाल पाने के कारण वह घायल हो गया...हमारी FSL टीमें मौके पर हैं।"
DIG (बॉर्डर रेंज) सतिंदर सिंह ने कहा, "घायल व्यक्ति की मौत हो गई है। वह एक आतंकवादी संगठन का सदस्य है और वह विस्फोटक की खेप लेने आया था...हमें कई सुराग मिले हैं...आगे की जांच चल रही है...बब्बर खालसा और ISI पंजाब में सक्रिय है और सबसे अधिक संभावना है कि वह बब्बर खालसा का सदस्य हो।"