कोलंबिया के 80 हिप्पोपोटामस की जान बचाएंगे अनंत अंबानी! 'वनतारा' में शिफ्ट करने का दिया बड़ा प्रस्ताव

Colombia Hippopotamus: कोलंबिया में अब इन्हें 'आक्रामक प्रजाति' माना जा रहा है क्योंकि ये स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंचा रहे हैं और नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। इसी वजह से सरकार ने 80 हिप्पो को खत्म करने का फैसला लिया था

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 2:29 PM
Story continues below Advertisement
कोलंबिया सरकार ने हाल ही में इन 80 हिप्पोपोटामस को मारने का आदेश दिया था

Anant Ambani Hippo Relocation Proposal: रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और 'वनतारा' के संस्थापक अनंत अंबानी ने बेजुबानों को लेकर कोलंबिया सरकार से एक भावुक अपील की है। कोलंबिया की मैग्डालेना नदी घाटी में रहने वाले 80 दरियाई घोड़ों को मारने के सरकारी फैसले पर रोक लगाने का आग्रह करते हुए, अनंत अंबानी ने उन्हें भारत के जामनगर स्थित 'वनतारा' केंद्र में लाने का प्रस्ताव दिया है।

80 बेगुनाह जीवों को बचाने की पहल

कोलंबिया सरकार ने हाल ही में पारिस्थितिकी तंत्र और स्थानीय समुदायों की सुरक्षा का हवाला देते हुए 80 हिप्पोपोटामस को मारने का आदेश दिया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत अंबानी ने कहा, 'ये 80 हिप्पो अपनी मर्जी से यहां पैदा नहीं हुए थे। वे जीवित और संवेदनशील प्राणी हैं। अगर हमारे पास उन्हें बचाने का मानवीय समाधान है, तो यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम कोशिश करें।'


कोलंबियाई मंत्री को लिखा पत्र

अनंत अंबानी ने कोलंबिया की पर्यावरण और सतत विकास मंत्री इरेन वेलेज टोरेस को औपचारिक पत्र लिखकर इस फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध किया है। उन्होंने प्रस्ताव दिया है कि इन जानवरों को वैज्ञानिक तरीके से ट्रांसलोकेट कर गुजरात के जामनगर लाया जाए।

'वनतारा' उठाएगा पूरा खर्च और जिम्मेदारी

अनंत अंबानी के नेतृत्व वाले 'वनतारा' ने इस मिशन के लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है। पूरे रेस्क्यू और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च 'वनतारा' उठाएगा। पकड़ने, बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल और मेडिकल केयर के लिए वेटरनरी विशेषज्ञों की टीम तैयार है। जामनगर में हिप्पोपोटामस के लिए वैसा ही प्राकृतिक वातावरण तैयार किया जाएगा जैसा कोलंबिया में है। साथ ही इन 80 जीवों की जीवनभर देखभाल की जिम्मेदारी भी 'वनतारा' की होगी।

कोलंबिया में क्यों है 'हिप्पो संकट'?

1980 के दशक में कुछ हिप्पोपोटामस को कोलंबिया लाया गया था। अनुकूल वातावरण और प्राकृतिक शिकारियों की कमी के कारण उनकी आबादी बढ़कर अब करीब 200 हो गई है। वहां इन्हें 'आक्रामक प्रजाति' माना जा रहा है क्योंकि ये स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंचा रहे हैं और नदी के किनारे रहने वाले लोगों के लिए खतरा बन गए हैं। इसी वजह से सरकार ने 80 हिप्पो को खत्म करने का फैसला लिया था।

ग्लोबल ह्यूमन अवार्ड से सम्मानित हैं अनंत अंबानी

हाल ही में अनंत अंबानी जानवरों के कल्याण के लिए दुनिया के प्रतिष्ठित 'ग्लोबल ह्यूमन अवार्ड' पाने वाले पहले एशियाई और सबसे कम उम्र के व्यक्ति बने हैं। उनका यह प्रस्ताव वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी इसी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह मिशन भारत और कोलंबिया सरकार की मंजूरी और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत ही पूरा किया जाएगा।

(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, Network18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण 'इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट' के पास है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी 'रिलायंस इंडस्ट्रीज' है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।