Andhra School Chainsaw Attack: आंध्र प्रदेश के स्कूल में लड़कियों पर चेनसॉ से जानलेवा हमला! आरोपी हेमंत का पुलिस ने किया एनकाउंटर, दो छात्राएं घायल

Andhra School Chainsaw Attack: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में सरकारी स्कूल के अंदर 10वीं क्लास की छात्राओं पर चेनसॉ से हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रविवार रात आरोपी हेमंत उर्फ डुम्मू को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची विशेष पुलिस टीम पर उसने कथित तौर पर पथराव किया और चाकू से हमला करने की कोशिश की

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 8:12 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Andhra School Chainsaw Attack: पुलिस ने आत्मरक्षा में छह राउंड फायरिंग की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया

Andhra School Chainsaw Attack: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक व्यक्ति ने चेनसॉ (मोटर से चलने वाली लकड़ी काटने वाली मशीन आरी) लेकर क्लास में घुसकर दो छात्राओं पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राएं घायल हुई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। हालांकि उनमें से एक की हालत स्थिर है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में वह एनकाउंटर में घायल हो गया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अनंतपुर ग्रामीण उपमंडल के पुलिस अधिकारी के. अश्विन मणिदीप ने बताया कि हमलावर कथित तौर पर घायल छात्राओं में से एक का रिश्तेदार है।

इस सनसनीखेज मामले ने पूरे राज्य में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। स्कूल की क्लास के अंदर छात्राओं पर इस तरह का हमला होने से बच्चों की सुरक्षा और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुख्यमंत्री नायडू ने घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जताते हुए घायल छात्रा को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल में भर्ती हैं लड़कियां


मणिदीप ने चेनसॉ से हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि पीटीआई से कहा, "लड़की अपने माता-पिता के साथ अस्पताल में है।" उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम रवाना की गई हैं।

मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि रपटाडू के जिला परिषद (जेडपी) हाई स्कूल की क्लास में 10वीं की छात्रा पर हुए बर्बर हमले से वह स्तब्ध और बेहद आक्रोशित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "स्कूलों के भीतर हमारी बच्चियों को निशाना बनाने वाले हमलावरों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है। मैं व्यक्तिगत रूप से उसके स्वास्थ्य में सुधार पर नजर रख रहा हूं और चिकित्सकों को उसे सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने का निर्देश दिया है।"

आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया

पुलिस ने छात्राओं पर हमला करने के आरोपी व्यक्ति को रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिसकर्मियों द्वारा पकड़ने की कोशिश किए जाने पर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर हमला किया। आरोपी की पहचान हेमंत के रूप में हुई है। हेमंत ने कथित तौर पर 31 अक्टूबर को राप्ताडु के एक सरकारी स्कूल में 10वीं क्लास की दो छात्राओं पर हमला किया था।

सूत्रों के अनुसार, रविवार को जब पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हेमंत को आत्मकुर के जंगल में पकड़ने की कोशिश की, तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। सूत्रों ने बताया कि गोली लगने से हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। फिर उसे इलाज के लिए अनंतपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हमला करने के बाद फरार हो गया था आरोपी

छात्राओं पर हमला करने के बाद आरोपी हेमंत मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपी को पकड़ने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। शुरुआती रिपोर्टों में आरोपी को धर्मावरम रेलवे स्टेशन से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, बाद की रिपोर्टों में बताया गया कि विशेष पुलिस टीम ने रविवार शाम उसे अत्माकुर के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार करने की कोशिश की और इसी दौरान मुठभेड़ हुई।

इस तरह आरोपी की गिरफ्तारी के स्थान को लेकर शुरुआती खबरों और बाद की पुलिस कार्रवाई की रिपोर्टों में अंतर सामने आया है। फिलहाल उपलब्ध विस्तृत जानकारी के मुताबिक, अत्माकुर के जंगल क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हुआ।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया गहरा दुख, दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हमले पर गहरा दुख और नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल छात्रा के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने मामले की जल्द और प्रभावी जांच कराने के साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।

नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि राप्ताडु जिला परिषद हाई स्कूल की कक्षा के अंदर 10वीं की छात्रा पर हुए हमले की खबर से वह बेहद दुखी और आक्रोशित हैं। उन्होंने अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि स्कूलों के अंदर हमारी बेटियों को निशाना बनाने वाले हमलावरों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।

ये भी पढ़ें- IMD Weather Forecast: चक्रवात 'मुरासु' के कारण इन 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; जानें दिल्ली से UP-बिहार समेत पूरे देश का मौसम

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह घायल छात्रा के स्वास्थ्य और उसके ठीक होने की प्रक्रिया पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं। उन्होंने मेडिकल टीम को छात्रा के इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।