Bengaluru: बेंगलुरु में नशे में धुत सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बारबेक्यू नेशन में घुसाई कार, बाल-बाल बचे 6 लोग

Bengaluru Car Accident: सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सेडान कार मुख्य सड़क पर मुड़ने के बजाय सीधे फुटपाथ की ओर बढ़ी। कार ने डिवाइडर को पार किया, फूलों के गमलों को चकनाचूर किया और रेस्टोरेंट की दीवार से टकराकर रुकी

अपडेटेड Jan 11, 2026 पर 1:47 PM
Story continues below Advertisement
यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब सड़क पर काफी भीड़ थी

Bengaluru: बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शराब के नशे में धुत एक 42 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपनी तेज रफ्तार कार से नियंत्रण खो दिया और फुटपाथ पर खड़े लोगों को रौंदते हुए सीधे 'बारबेक्यू नेशन' (Barbeque Nation) रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराया। इस घटना में छह लोग बाल-बाल बच गए, जबकि एक युवक को चोटें आई हैं।

कैसे हुआ हादसा?


ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ, जब सड़क पर काफी भीड़ थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सेडान कार मुख्य सड़क पर मुड़ने के बजाय सीधे फुटपाथ की ओर बढ़ी। कार ने डिवाइडर को पार किया, फूलों के गमलों को चकनाचूर किया और रेस्टोरेंट की दीवार से टकराकर रुकी। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट के बाहर महिलाएं और युवक खड़े थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर कुछ सेकंड का भी अंतर होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी।

आरोपी हुआ गिरफ्तार

कार चालक की पहचान डोमलुर निवासी डेरिक टोनी के रूप में हुई है, जो एक निजी तकनीकी फर्म में काम करता है। डीसीपी ट्रैफिक (ईस्ट) साहिल बागला ने बताया कि आरोपी नशे में धुत पाया गया। पुलिस के अनुसार, डेरिक एक पार्टी से अकेला घर लौट रहा था। मेडिकल टेस्ट में शराब की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जीवन बीमा नगर ट्रैफिक पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने और ड्रंक एंड ड्राइविंग के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को स्टेशन जमानत पर रिहा कर दिया गया है, लेकिन वाहन जब्त है और उसे अदालत में जुर्माना भरना होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।